बांह में काली पट्टी बांधकर मैदान पर उतरे श्रीलंकाई खिलाड़ी, वजह जानकार आप भी हो जाएंगे इमोशनल
श्रीलंका ने इस मैच में टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया।
अद्यतन - नवम्बर 2, 2023 4:36 अपराह्न

भारत और श्रीलंका के बीच वर्ल्ड कप 2023 का 33वां मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच में श्रीलंका के खिलाड़ी काली पट्टी बांधकर मैदान पर उतरे। उन्होंने श्रीलंकाई टीम के सुपरफैन रहे पर्सी अबेसेकेरा की याद में काली पट्टी बांधी। अबेसेकेरा का सोमवार को 87 वर्ष की आयु में बीमारी से लंबी लड़ाई के बाद निधन हो गया।
आपको बता दें कि, पर्सी अबेसेकेरा को फैंस ‘अंकल पर्सी’ के नाम से जानते थे। वह 1979 विश्व कप के बाद से श्रीलंका के लगभग सभी मैचों में मौजूद रहे थे, लेकिन उन्हें लोकप्रियता 1996 विश्व कप के बाद मिली। 1996 में श्रीलंका ने विश्व कप की सह-मेजबानी की थी। अबेसेकेरा मैच के दौरान एक बड़ा श्रीलंकाई झंडा लहराने, खिलाड़ियों की पीठ थपथपाने और यहां तक कि खिलाड़ियों के साथ ड्रेसिंग रूम तक आने-जाने के लिए प्रसिद्ध थे।
पर्सी अबेसेकेरा को लेकर श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने जारी किया था आधिकारिक बयान
इसको लेकर श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने एक आधिकारिक बयान भी जारी किया था। उसमें उन्होंने लिखा था कि, “दिवंगत पर्सी अबेसेकेरा को श्रद्धांजलि देने के लिए श्रीलंका के खिलाड़ी भारत के खिलाफ आज मैच के दौरान काली पट्टी पहनेंगे। अबेसेकेरा श्रीलंकाई क्रिकेट का एक अभिन्न अंग थे और उन्होंने खिलाड़ियों को समर्थन और प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। वह हमेशा याद किए जाएंगे।”
आपको बता दें कि, भारत के कप्तान रोहित शर्मा ने हाल ही में एशिया कप के दौरान अबेसेकेरा से मुलाकात को याद किया जब वह कोलंबो में अबेसेकेरा के घर गए थे। रोहित ने कहा, “मैं भाग्यशाली था कि मुझे एशिया कप के दौरान श्रीलंका में उनसे मिलने का मौका मिला और वह क्रिकेट के बहुत बड़े प्रशंसक रहे हैं। बेशक, श्रीलंकाई टीम के लेकिन वह शायद पहले प्रशंसक हैं जिनसे मैं मिला। उनकी टीम के प्रति, खिलाड़ियों के प्रति उनका समर्थन देखना शानदार लगा।”
वहीं इस मैच की बात करें तो खबर लिखे जाने तक टीम इंडिया ने 22 ओवर में एक विकेट के नुकसान पर 132 रन बना लिए थे। इस वक्त शुभमन गिल और रोहित शर्मा क्रीज पर मौजूद हैं और दोनों अपना-अपना अर्धशतक पूरा कर चुके हैं।