WI vs IND: जोशुआ डी सिल्वा की मां का विराट कोहली से मिलकर सपना हुआ पूरा, गले लगकर….
विराट कोहली ने इस दूसरे टेस्ट मुकाबले में 206 गेंदों में 11 चौकों की मदद से 121 रन बनाए।
अद्यतन - Jul 22, 2023 12:50 pm

वेस्टइंडीज और भारत के बीच खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मुकाबले के दूसरे दिन विराट कोहली ने अपनी टीम की ओर से महत्वपूर्ण शतक जड़ा। बता दें, विराट कोहली ने इस दूसरे टेस्ट मुकाबले में 206 गेंदों में 11 चौकों की मदद से 121 रन बनाए। यह उनका टेस्ट फॉर्मेट में 29वां शतक है जबकि सभी प्रारूपों को मिलाकर यह उनका 76वां शतक है। यह विराट कोहली का 500वां अंतरराष्ट्रीय मुकाबला था और उन्होंने इसे और भी बेहतर बनाया।
सिर्फ विराट कोहली के लिए ही नहीं बल्कि वेस्टइंडीज के युवा खिलाड़ी जोशुआ डी सिल्वा की मां के लिए भी यह बहुत ही बड़ा दिन था। ऐसा इसलिए क्योंकि जोशुआ डी सिल्वा की मां विराट कोहली की बहुत बड़ी फैन है और दूसरे दिन का खेल खत्म होने के बाद उन्होंने भारतीय खिलाड़ी से मुलाकात की और उनके गली भी मिली।
बता दें, दूसरे टेस्ट मैच के पहले दिन के खेल के समय जब विराट कोहली बल्लेबाजी कर रहे थे तब स्टंप्स माइक में जोशुआ डी सिल्वा द्वारा ऐसा सुना गया कि, ‘ मेरी मां ने मुझे कॉल किया था और उन्होंने मुझे कहा कि वो विराट कोहली की वजह से मुकाबला देखने आ रही है और मुझे इस बात का बिल्कुल भी भरोसा नहीं हुआ।’ वेस्टइंडीज खिलाड़ी ने खुद यह बात बोली कि उनकी मां विराट कोहली की बहुत बड़ी फैन है।
विराट कोहली से मिलकर उत्साहित हो गई जोशुआ डी सिल्वा की मां
पत्रकार विमल कुमार ने एक वीडियो साझा की है जिसमें जोशुआ डी सिल्वा की मां कह रही है कि, ‘विराट कोहली हमारे समय के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों में से एक हैं और मैं अपने आप को काफी सम्मानित महसूस कर रही हूं कि मुझे उनसे मिलने का मौका मिला और साथ ही मेरे बेटे को भी।’
पहले टेस्ट मैच को भारत ने एक पारी और 141 रनों से अपने नाम किया था। अब दूसरे टेस्ट मुकाबले की पहली पारी में भारतीय टीम ने सभी विकेट खोकर 438 रन बनाए। विराट कोहली के अलावा कप्तान रोहित शर्मा ने 143 गेंदों में 9 चौके और दो छक्कों की मदद से 80 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली जबकि युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने 74 गेंदों में 9 चौके और एक छक्के की मदद से 57 रन बनाए।
रवींद्र जडेजा ने 152 गेंदों में 5 चौकों की मदद से 61 रनों की बहुमूल्य पारी खेली। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक वेस्टइंडीज ने अपनी पहली पारी में 41 ओवर में 1 विकेट खोकर 86 रन बना लिए हैं।