WI vs IND 2023: हर्षा भोगले ने Hardik Pandya-तिलक वर्मा बहस पर की आलोचकों की बोलती बंद, तो वायरल हुआ एबी डिविलियर्स का रिएक्शन
क्रिकेट कमेंटेटर हर्षा भोगले ने कहा टी-20 क्रिकेट में अर्धशतक कोई बहुत बहुत बड़ी उपलब्धि नहीं है।
अद्यतन - अगस्त 11, 2023 11:44 पूर्वाह्न

वेस्टइंडीज के खिलाफ जारी पांच मैचों की T20I सीरीज में टीम इंडिया का नेतृत्व कर रहे Hardik Pandya पिछले कुछ दिनों से जमकर आलोचना का शिकार हो रहे हैं। दरअसल, भारत के स्टार ऑलराउंडर ने 8 अगस्त को गुयाना के प्रोविडेंस स्टेडियम में खेले गए तीसरे T20I मैच में छक्का लगाकर मैच फिनिश किया था, जिसके चलते दूसरे छोर पर तैनात तिलक वर्मा मात्र एक रन से अर्धशतक से चूक गए।
हालांकि, भारतीय क्रिकेट टीम वेस्टइंडीज के खिलाफ यह T20I मुकाबला सात विकेट से जीत गई, लेकिन हार्दिक पांड्या पर फैंस से लेकर पूर्व क्रिकेटर, सभी जमकर बरस पड़े। कई लोगों ने कप्तान पांड्या के इस गेस्चर की तुलना उनके आदर्श एमएस धोनी से की, जो बिल्कुल पूर्व कप्तान से विपरीत थी। एमएस धोनी अक्सर विराट कोहली या अन्य खिलाड़ियों को मैच फिनिश करने का मौका देने के लिए रक्षात्मक स्ट्रोक खेला करते था।
Hardik Pandya के सपोर्ट में सामने आए हर्षा भोगले और एबी डिविलियर्स!
इस बीच, प्रसिद्ध क्रिकेट कमेंटेटर हर्षा भोगले ने कहा वह इस बवाल से हैरान है कि हार्दिक पांड्या के कारण तिलक वर्मा वेस्टइंडीज के खिलाफ जारी पांच मैचों की T20I सीरीज में अपना लगातार दूसरा अर्धशतक नहीं लगा पाए। उन्होंने कहा टी-20 क्रिकेट में अर्धशतक कोई बहुत बहुत बड़ी उपलब्धि नहीं है, लेकिन अगर बात शतक की है, तो इसे एक उपलब्धि के तौर पर देखा जा सकता है।
हर्षा भोगले ने ट्विटर पर लिखा: ‘मैं तिलक वर्मा के अर्धशतक से चूकने पर हो रही बहस से हैरान हूं। यह कोई बहुत बड़ी उपलब्धि नहीं है। टी-20 क्रिकेट में शतक लगाना दुर्लभ होता है, लेकिन इसके अलावा इस फॉर्मेट में कोई अन्य उपलब्धि नहीं है। हम टीम खेल में व्यक्तिगत उपलब्धियों को लेकर बहुत अधिक जुनूनी हैं। मेरा मानना है कि टी-20 क्रिकेट में 50 रनों को व्यक्तिगत आंकड़ों में दर्ज नहीं किया जाना चाहिए। यदि आपने तेजी से बेहतरीन औसत और स्ट्राइक रेट से पर्याप्त रन बना लिए हैं, तो यही मायने रखता है।’
ये रहा हर्षा भोगले का रिएक्शन:
I am puzzled by the discussion around Tilak Varma missing out on a 50. It isn't a landmark, in fact other than a century (which is rare), there are no landmarks in T20 cricket. We are far too obsessed with individual achievement within a team sport. I don't believe 50s should be…
— Harsha Bhogle (@bhogleharsha) August 10, 2023
हर्षा भोगले के इस ट्वीट ने दक्षिण अफ्रीकी दिग्गज एबी डिविलियर्स का ध्यान खिंचा, जो क्रिकेट कमेंटेटर के इस बहस पर करारे जवाब से बहुत खुश हैं। एबी डिविलियर्स ने भोगले के ट्वीट पर टिप्पणी किया: ‘धन्यवाद, धन्यवाद, धन्यवाद। आखिरकार किसी ने तो यह चीज कही!’
Thank you thank you thank you. Finally someone says it!
— AB de Villiers (@ABdeVilliers17) August 10, 2023