WPL 2024: आखिरी ओवर के रोमांच में दिल्ली ने बाजी मार प्लेऑफ में जगह की पक्की, रिचा घोष की शानदार पारी गई बेकार
दिल्ली कैपिटल्स ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को 1 रन से हरा कर प्लेऑफ में जगह पक्की की।
अद्यतन - Mar 10, 2024 11:06 pm

WPL 2024, DEL-W vs BAN-W: महिला प्रीमियर लीग 2024 का 17वां मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के बीच खेला गया। दिल्ली कैपिटल्स की कप्तान मेग लैनिंग ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया था। दिल्ली कैपिटल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट के नुकसान पर 181 रन बोर्ड पर लगाए थे।
लक्ष्य का पीछा करते हुए रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर 20 ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर 180 रन ही बना पाई और दिल्ली कैपिटल्स ने 1 रन से जीत दर्ज की। इस जीत के साथ दिल्ली कैपिटल्स प्लेऑफ में पहुंच चुकी है।
जेमिमा रोड्रिग्ज ने दिल्ली के लिए खेली अर्धशतकीय पारी
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ दिल्ली कैपिटल्स को शानदार शुरूआत मिली थी। मेग लैनिंग और शेफाली वर्मा के बीच पहले विकेट के लिए 54 रनों की साझेदारी हुई थी। शेफाली वर्मा 7वें ओवर में 18 गेंदों में 23 रन बनाकर आशा शोभना के खिलाफ विकेट गंवा बैठी। वहीं मेग लैनिंग 8वें ओवर में 29 रन बनाकर श्रेयंका पाटिल का शिकार बनी। जिसके बाद फिर तीसरे विकेट के लिए जेमिमा रोड्रिग्ज और एलिस कैप्सी के बीच 97 रनों की साझेदारी हुई।
जेमिमा रोड्रिग्ज ने 36 गेंदों में 8 चौके और 1 छक्के की मदद से 58 रनों की पारी खेली। वहीं एलिस कैप्सी ने 32 गेंदों में 8 चौकों की मदद से 48 रन बनाए। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के लिए श्रेयंका पाटिल ने 4 ओवर में 26 रन देकर 4 विकेट अपने नाम किया। श्रेयंका पाटिल ने मेग लैनिंग (29), जेमिमा रोड्रिग्ज (58), एलिस कैप्सी (48) और जेस जोनासेन (1) को अपना शिकार बनाया।
रिचा घोष नहीं दिला पाई टीम को जीत
लक्ष्य का पीछा करने उतरी रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को खराब शुरूआत मिली। दूसरे ही ओवर में कप्तान स्मृति मंधाना 5 रन पर एलिस कैप्सी के खिलाफ विकेट गंवा बैठी। एलिस पैरी और सोफी मॉलिन्यू के बीच दूसरे विकेट के लिए 80 रनों की साझेदारी हुई। एलिस पैरी 11वें ओवर में 49 रन पर शिखा पांडे के हाथों रन आउट हो गई, जिसके बाद अगले ही ओवर में सोफी मॉलिन्यू 33 रन बनाकर पवेलियन लौट गई। सोफी डिवाइन 18वें ओवर में 26 रन पर मारिजैन कप्प का शिकार बन गई।
जिसके बाद सारी जिम्मेदारी रिचा घोष के ऊपर थी, आखिरी ओवर में आरीसीबी को जीत के लिए 17 रनों की जरूरत थी। आखिरी ओवर में रिचा घोष ने दो छक्के लगाए और टीम को जीत की दहलीज पर पहुंचा दिया था। आखिरी गेंद पर दो रन चाहिए थे, लेकिन रिचा घोष रन आउट हो गई। फिर दिल्ली कैपिटल्स ने 1 रन से जीत दर्ज की। रिचा घोष ने 29 गेंदों में 4 चौके और 3 छक्कों की मदद से 51 रनों की पारी खेली।