क्या ऑस्ट्रेलियाई परिस्थितियों में खेलने के अनुभव के बिना भी सूर्या का बल्ला उगलेगा आग? विक्रम राठौर ने दिया बड़ा बयान - क्रिकट्रैकर हिंदी

क्या ऑस्ट्रेलियाई परिस्थितियों में खेलने के अनुभव के बिना भी सूर्या का बल्ला उगलेगा आग? विक्रम राठौर ने दिया बड़ा बयान

सूर्यकुमार यादव ने ऑस्ट्रेलिया में अब तक एक भी मैच नहीं खेला है।

Suryakumar Yadav and Vikram Rathour (Image Source: Getty Images/BCCI)
Suryakumar Yadav and Vikram Rathour (Image Source: Getty Images/BCCI)

भारतीय क्रिकेट टीम के बल्लेबाजी कोच विक्रम राठौर ने सूर्यकुमार यादव की सराहना करते हुए कहा है कि स्टार बल्लेबाज के वर्तमान शानदार फॉर्म को देखते हुए उन्हें कोच करने का सबसे अच्छा तरीका ये है कि उनसे कुछ भी न कहा जाए, बल्कि उन्हें उनके हिसाब से अपना खेल खेलने दें।

उन्होंने आगे कहा सूर्यकुमार ने भले ही अब तक ऑस्ट्रेलिया में नहीं खेला है, लेकिन वह इतने प्रतिभाशाली बल्लेबाज है कि टीम इंडिया को आगामी आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में इसे लेकर चिंतित होने की जरुरत नहीं पड़ेगी।

विक्रम राठौर को सूर्यकुमार यादव की काबिलियत पर पूरा भरोसा है

विक्रम राठौर ने bcci.tv पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में कहा: “सच कहूं तो आपको इस समय सूर्यकुमार यादव को बिल्कुल भी कोचिंग देने की जरुरत नहीं हैं। वह शानदार बल्लेबाजी कर रहे हैं। एक बल्लेबाज के तौर पर हमें उनसे जो भी उम्मीदे हैं, वह उस पर खरे उतर रहे हैं, और अपना काम बखूबी कर रहे हैं। आपको वास्तव में सूर्या को कुछ कहने की जरूरत ही नहीं है, हम उसे बस अपना खेल खेलने दें रहे हैं।”

हालांकि, 32-वर्षीय बल्लेबाज इस समय बेहतरीन फॉर्म में है, लेकिन उन्होंने अब तक ऑस्ट्रेलिया में एक भी अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला है, जहां टी-20 वर्ल्ड कप 2022 खेला जाना है। लेकिन भारत के बल्लेबाजी कोच ने कहा कि यह दाएं-हाथ के बल्लेबाज के लिए कोई मुद्दा नहीं होगा, क्योंकि उन्हें गति और उछाल पसंद है।

विक्रम राठौर ने अंत में कहा: “सूर्यकुमार पहली बार ऑस्ट्रेलिया का दौरा करेंगे, लेकिन वह जिस तरह की क्रिकेट खेल रहे हैं, मुझे नहीं लगता कि उन्हें टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में कोई दिक्कत होगी। वह ऐसे व्यक्ति हैं जिन्हें गति और उछाल पसंद है, इसलिए मुझे नहीं लगता है कि हमें इस बारे में चिंतित होना चाहिए।” आपको बता दें, सूर्यकुमार ने अब तक 33 T20I मैचों में 39.88 के औसत और 177.26 के स्ट्राइक रेट से 1037 रन बनाए हैं।

close whatsapp