ऋषभ पंत के शतक पर राहुल द्रविड़ की प्रतिक्रिया है सुर्खियों में! जहीर खान ने भी दी अपनी राय - क्रिकट्रैकर हिंदी

ऋषभ पंत के शतक पर राहुल द्रविड़ की प्रतिक्रिया है सुर्खियों में! जहीर खान ने भी दी अपनी राय

जहीर खान ने ऋषभ पंत की पारी को खास बताया। जानिए क्यों?

Coach Rahul Dravid’s celebration after Rishabh Pant’s century (Photo Source: Twitter)
Coach Rahul Dravid’s celebration after Rishabh Pant’s century (Photo Source: Twitter)

टीम इंडिया के मुख्य कोच राहुल द्रविड़ अपने शांत स्वभाव के लिए जाने जाते हैं, लेकिन क्रिकेट जगत को 1 जुलाई को इंग्लैंड और भारत के बीच खेले जा रहे पुनर्निर्धारित पांचवे टेस्ट के पहले दिन महान क्रिकेटर का एक अलग रूप देखने को मिला। दरअसल, राहुल द्रविड़ भारतीय क्रिकेट टीम के ड्रेसिंग रूम में ऋषभ पंत के शतक का जश्न पूरे जोश के साथ मानते हुए नजर आए, जिस पर पूर्व तेज गेंदबाज जहीर खान ने अपनी प्रतिक्रिया दी है।

ऋषभ पंत ने भीड़ से खचाखच भरे एजबेस्टन स्टेडियम में बेहद शानदार पारी खेली और केवल फैंस ही नहीं अपने कोच राहुल द्रविड़ को भी मोहित कर लिया। आपको बता दें, 24-वर्षीय बल्लेबाज ने 111 गेंदों पर 146 रनों की अद्भुत पारी खेली और साथ ही छठे विकेट के लिए रवींद्र जडेजा (104) के साथ मिलकर 222 रनों की साझेदारी की और टीम इंडिया को पहली पारी में 416 रनों का स्कोर पोस्ट करने में मदद की।

ऋषभ पंत के शतक पर राहुल द्रविड़ की प्रतिक्रिया पर जहीर खान ने दी अपनी राय

इस बीच, जैसे ही बाएं-हाथ के बल्लेबाज ने टेस्ट क्रिकेट में अपना पांचवां शतक लगाया, स्टेडियम में सभी फैंस झूम उठे, वहीं दूसरी ओर राहुल द्रविड़ भी पूरे जोश के साथ उनके शतक का जश्न मानते हुए नजर आए। उनका यह जुबिलेंट अवतार बहुत ही दुर्लभ देखने को मिलता है।

ऋषभ पंत द्वारा इंग्लैंड के गेंदबाजों की धुनाई देख द्रविड़ अपनी भावनाओं को नियंत्रित नहीं कर पाए।  एक वायरल वीडियो में भारतीय कोच के हाथ हवा में थे और वह पूरे जोश में चिल्लाते हुए युवा विकेटकीपर-बल्लेबाज के शतक का जश्न मानते हुए टीम के ड्रेसिंग रूम में नजर आए।

इस बीच, जहीर खान ने कहा यह ऋषभ पंत की खास पारी है, क्योंकि उन्होंने द्रविड़ को इस तरह से जश्न मनाने के लिए मजबूर कर दिया, जो अक्सर हमें देखने को नहीं मिलता है। जहीर खान ने क्रिकबज के हवाले से कहा: “जब आप इस तरह की पारी देखते हैं, तो आपको भावनाएं बाहर आना लाजमी हैं, खासकर तब जब भारत मुसीबत में हो और टीम को ऐसी ही शानदार पारी की जरुरत हो।

ऋषभ पंत की इस पारी की कीमत केवल वही लोग समझ सकते हैं, जिन्होंने क्रिकेट खेला है, और वे इस स्थिति से गुजरे है। द्रविड़ का करियर काफी लंबा रहा है, और वह इस पारी की अहमियत को समझते हैं। आपको आमतौर पर द्रविड़ की ऐसी प्रतिक्रिया देखने को नहीं मिलेगी, तो आप समझ सकते है इस पारी की टीम को कितनी जरुरत थी।”

close whatsapp