Jio Cinema ने बनाया रिकॉर्ड, IPL 2023 देखने के लिए 44.9 करोड़ दर्शकों ने किया ट्यून
इस सीजन Jio Cinema को धमाकेदार रिस्पांस देखने को मिला है।
अद्यतन - Jun 8, 2023 3:02 pm

हाल ही में इंडियन प्रीमियर लीग का 16वां संस्करण समाप्त हुआ, जहां चेन्नई सुपर किंग्स ने फाइनल में गुजरात टाइटंस को हराकर पांचवीं बार खिताब जीता। क्रिकेट प्रेमियों के लिए आईपीएल हमेशा से एक बड़ा टूर्नामेंट रहा है। वहीं इस साल जियो सिनेमा (Jio Cinema) पर दर्शकों को इसका बिना कोई शुल्क दिए लुत्फ उठाने का मौका मिला।
ऐसे में Jio Cinema को धमाकेदार रिस्पांस भी देखने को मिला है। बता दें कि आईपीएल का 2023 सीजन देखने के लिए 44.9 करोड़ दर्शकों ने Jio Cinema को ट्यून किया। दर्शकों ने विभिन्न प्लेटफॉर्म जैसे मोबाइल, टैबलेट, लैपटॉप/डेस्कटॉप और टीवी के माध्यम से Jio Cinema पर पूरे सीजन का आनंद उठाया।
देशभर में आईपीएल के इस सीजन में कनेक्टेड टीवी की डिमांड देखी गई और इसकी संख्या 12 करोड़ से अधिक दर्ज की गई। जिन्होंने अपने कनेक्टेड टीवी पर Jio Cinema को लॉगिन किया। आंकड़ों के मुताबिक पूरे टूर्नामेंट में कनेक्टेड टीवी पर प्रति दर्शक प्रति मैच बिताया गया औसत समय 65 मिनट का था, जो लीनियर टीवी पर प्रति दर्शक औसत समय से अधिक था।
BARC के रिपोर्ट के मुताबिक इसकी तुलना में वयस्कों (उम्र 15+) के लिए घर से बाहर देखने सहित लीनियर टीवी (फाइनल मैच शामिल नहीं) पर आईपीएल की पहुंच 37 करोड़ है। वहीं घर से बाहर मैच देखने वाले दर्शकों में ऐसे दर्शक शामिल हैं जो रेस्तरां/प्रतिष्ठानों में होते हुए सक्रिय रूप से मैच देख रहे हों या नहीं। घर के बाहर देखने को छोड़कर, लीनियर टीवी की पहुंच 32.6 करोड़ है।
क्या है कनेक्टेड टीवी (CTV)?
पसंदीदा कन्टेंट को स्ट्रीम करने के लिए दर्शकों के पास कई तरीके हैं. चाहे वे घर पर हों या चलते-फिरते, इसके जरिए वे पसंदीदा प्रोग्राम स्ट्रीम करते हैं. कनेक्टेड टीवी (CTV) उन डिवाइसों को संदर्भित करता है जो इंटरनेट से जुड़े होते हैं और दर्शकों को वीडियो और संगीत स्ट्रीम करने के साथ-साथ वेब ब्राउज करने की अनुमति देते हैं. सभी कनेक्टेड टीवी दर्शकों को स्ट्रीमिंग कन्टेंट देखने के लिए Jio Cinema जैसे ऐप का इस्तेमाल करने में सक्षम बनाते हैं.