टेस्ट रैंकिंग में मार्नस लाबुशेन को पछाड़कर जो रूट बने नंबर 1
एशेज 2023 के पहले टेस्ट में जो रूट ने 118 रन की नाबाद पारी और दूसरी इनिंग में 46 रन बनाए थे।
अद्यतन - Jun 21, 2023 6:08 pm

एजबेस्टन टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को 2 विकेट से मात दी और अपने एशेज 2023 की शुरुआत काफी धमाकेदार तरीके से की। ऑस्ट्रेलिया की ओर से उस्मान ख्वाजा और पैट कमिंस ने काफी अच्छी बल्लेबाजी की और अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। इस पांच मुकाबलों की टेस्ट सीरीज में ऑस्ट्रेलिया 1-0 से आगे है।
वहीं पहला टेस्ट खत्म होने के बाद ICC पुरुष टेस्ट खिलाड़ी रैंकिंग में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। इंग्लैंड के अनुभवी बल्लेबाज जो रूट ने लेटेस्ट रैंकिंग में पहला स्थान ग्रहण किया है। यही नहीं ऑस्ट्रेलिया के मार्नस लाबुशेन तीसरी रैंकिंग में खिसक गए हैं। बता दें, मार्नस लाबुशेन ने दिसंबर 2022 में पहला स्थान ग्रहण किया था। उन्होंने उस समय काफी अच्छी बल्लेबाजी की थी।
हालांकि उसके बाद जो रूट ने टेस्ट क्रिकेट में काफी अच्छा प्रदर्शन किया और पहला स्थान अपने नाम किया। बता दें, एशेज 2023 के पहले टेस्ट में जो रूट ने 118 रन की नाबाद पारी और दूसरी इनिंग में 46 रन बनाए थे। उन्होंने पहले टेस्ट में अपना 30वां टेस्ट शतक जड़ा और साथ ही ICC टेस्ट रैंकिंग में पहला स्थान भी प्राप्त किया।
वहीं मार्नस लाबुशेन ने इस टेस्ट में 0 और 13 रन बनाए। उनके इसी खराब प्रदर्शन की वजह से लाबुशेन अब तीसरे स्थान पर खिसक गए हैं जबकि न्यूजीलैंड के शानदार बल्लेबाज केन विलियमसन ने दूसरा पायदान ग्रहण किया है।
स्टीव स्मिथ और ट्रेविस हेड की रैंकिंग में हुई गिरावट
मार्नस लाबुशेन के अलावा ट्रेविस हेड अब चौथे स्थान पर आ चुके हैं। इस मैच से पहले वो तीसरे पायदान पर थे। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ महत्वपूर्ण अर्धशतक जड़ा था लेकिन उसके बावजूद उनकी रैंकिंग में गिरावट देखने को मिली। स्टीव स्मिथ की भी रैंकिंग में काफी गिरावट देखने को मिली है। वो अब दूसरे स्थान से गिरकर 6वें पायदान पर आ चुके हैं। पाकिस्तान टीम के कप्तान बाबर आजम 862 रेटिंग अंकों के साथ पांचवें पायदान पर हैं।