टीम इंडिया के अप्रोच पर सुनील गावस्कर ने उठाए सवाल, कहा- सचिन, द्रविड़ तक अपनी कमियों को लेकर मेरे पास आते थे लेकिन अब…..
सुनील गावस्कर ने कहा कि, लेकिन पिछले कुछ सालों से कोई बल्लेबाज मेरे पास नहीं आया है, जबकि राहुल द्रविड़, सचिन तेंदुलकर, वीवीएस लक्ष्मण नियमित रूप से मेरे पास आते थे।
अद्यतन - जुलाई 13, 2023 6:46 अपराह्न

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व खिलाड़ी सुनील गावस्कर ने टीम इंडिया के अप्रोच को लेकर सवाल उठाया है। दरअसल उनका कहना है कि, पहले के खिलाड़ी अपने कमियों को लेकर मेरे पास आते थे लेकिन पिछले कुछ सालों से खिलाड़ी अब ऐसा नहीं करते हैं। बता दें The Indian Express को दिए इंटरव्यू में सुनील गावस्कर ने टीम इंडिया के खिलाड़ियों को लेकर बात की।
उन्होंने कहा कि, अगर कोई बल्लेबाज बार बार एक ही गलती कर रहा है तो आपको उनसे यह पूछने की ज़रूरत है कि आपकी तकनीक के साथ क्या हुआ है? आपने बल्लेबाज को बेहतर बनाने का प्रयास कैसे किया है? क्या आपने उसे यह बताने की कोशिश की है कि एक अलग गार्ड लें। लेग-स्टंप गार्ड ना लें, मिडिल और ऑफ स्टंप गार्ड लें। मुझे याद है कि एक बार मैंने अचानक वीरेंद्र सहवाग को फोन किया था। दरअसल वह ज्यादा रन नहीं बना रहे थे।
वीरेंद्र सहवाग अच्छे फुटवर्क के लिए नहीं जाने जाते हैं- सुनील गावस्कर
उन्होंने अपनी बात को जारी रखते हुए आगे कहा कि, मैंने उनसे कहा कि, वीरू, बस ऑफ-स्टंप गार्ड आज़माओ। तो उन्होंने मुझसे पूछा कि, क्यों, सनी भाई? तो मैंने उनसे कहा, देखिए, आप अच्छे फुटवर्क के लिए नहीं जाने जाते हैं। क्या हो रहा है, कभी-कभी जब आप आउट हो रहे होते हैं, तो आप डिलीवरी के लिए पहुंच रहे होते हैं और यह आपके लिए चीजें मुश्किल बना देता है। इसलिए आप ऑफ-स्टंप गार्ड लें तो आपको तुरंत पता चल जाता है कि गेंद ऑफ-स्टंप के बाहर है। दरअसल यही वह जगह है जहां कोच अपने इनपुट के साथ आ सकता है।
सुनील गावस्कर ने आगे कहा कि, लेकिन पिछले कुछ सालों से कोई बल्लेबाज मेरे पास नहीं आया है। जबकि राहुल द्रविड़, सचिन तेंदुलकर, वीवीएस लक्ष्मण नियमित रूप से मेरे पास आते थे। मुझे इसे लेकर अहंकार नहीं है, मैं जा सकता था और उनसे बात कर सकता था लेकिन चूंकि दो कोच हैं – राहुल द्रविड़ और विक्रम राठौड़ – इसलिए कभी-कभी आप पीछे हट जाते हैं क्योंकि आप उन्हें बहुत अधिक जानकारी देकर भ्रमित नहीं करना चाहते हैं।
बता दें हाल ही में खेले गए वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल मुकाबले में भारत को हार का सामना करना पड़ा था। दरअसल भारतीय बल्लेबाज बुरी तरह फ्लॉप रहे थे। भारत दोनों ही पारियों में 300 तक का भी स्कोर नहीं बना पाया था। बता दें भारतीय टीम इन दिनों वेस्टइंडीज दौरे पर है।