8 टेस्ट मैच में लिया 34 विकेट, फिर भी हुआ टीम से बाहर, अब उसी प्लेयर के सपोर्ट में सामने आए अनिल कुंबले
अनिल कुंबले ने कहा कि, कुलदीप यादव टेस्ट मैचों के लिए बहुत अच्छे स्पिनर हैं, उन्हें जब भी मौका मिला है उन्होंने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है।
अद्यतन - जुलाई 15, 2023 1:52 अपराह्न

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व स्पिनर अनिल कुंबले ने टीम इंडिया के चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव को लेकर बड़ा बयान दिया है। साथ ही उन्हें सपोर्ट करते भी नजर आए। बता दें अनिल कुंबले ने भारतीय टेस्ट टीम में कुलदीप यादव के चयन के लिए अपना समर्थन जताया है।
दरअसल उनका मानना है कि कुलदीप को खेल के सबसे लंबे फॉर्मेट में अपनी क्षमताओं का प्रदर्शन करने का मौका दिया जाना चाहिए क्योंकि कुलदीप ने पहले ही आठ टेस्ट मैचों में 34 विकेट लेकर शानदार रिकॉर्ड के साथ खुद को टीम के एक महत्वपूर्ण सदस्य के रूप में साबित किया है।
कुलदीप यादव टेस्ट मैचों के लिए बहुत अच्छे स्पिनर हैं- अनिल कुंबले
बता दें Jio Cinema पर बातचीत करते हुए अनिल कुंबले ने कहा कि, कुलदीप यादव टेस्ट मैचों के लिए बहुत अच्छे स्पिनर हैं। उन्हें जब भी मौका मिला है उन्होंने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है। व्हाइट बॉल फॉर्मेट में बहुत सारे Wrist स्पिनर हैं। लेकिन हमने कुलदीप को टेस्ट में ज्यादा खेलते हुए नहीं देखा है।
उन्होंने अपनी बात को जारी रखते हुए आगे कहा कि, कुलदीप को निश्चित रूप से वहां होना चाहिए क्योंकि वह बहुत अच्छे गेंदबाज हैं। लेग स्पिनर बहुत आक्रामक गेंदबाज होते हैं और कई बार यह मुश्किल भी होता है, वे रन भी देते हैं, लेकिन आपको एक लेग स्पिनर को अपने साथ ले जाना होगा और उसे तैयार करना होगा, और जब भी आपको मौका मिले तो आपको उसे मौका भी देना चाहिए।
इसके साथ ही अनिल कुंबले ने रविचंद्रन अश्विन, रविंद्र जडेजा और अक्षर पटेल के बेहतरीन प्रदर्शन की भी सराहना की। दरअसल स्पिन गेंदबाज के रूप में उनकी क्वालिटी और बल्ले के साथ उनकी क्षमताओं पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने भारत के स्पिनर्स की ताकत पर जोर देते हुए सुझाव दिया कि कुलदीप यादव को भी भारतीय टीम में उनके साथ रखा जाना चाहिए। बता दें भारतीय टीम इन दिनों वेस्टइंडीज दौरे पर है, जहां वे कैरिबियाई टीम के खिलाफ टेस्ट मैच, ODI और टी20 सीरीज खेलेगी।
यहां पढ़ें: रोहित शर्मा ने की इन तीन खिलाड़ियों की जमकर तारीफ, कहा- उनके पास जो अनुभव है उसके बारे में……