जिम्बाब्वे के खिलाफ आगामी 3 मैचों की वनडे सीरीज के लिए 15 सदस्यीय भारतीय टीम का हुआ ऐलान
विराट कोहली और लोकेश राहुल को इस वनडे सीरीज के लिए फिर से आराम दिए जाने का फैसला लिया गया।
CricTracker जूनियर स्टाफ लेखिका
अद्यतन - अगस्त 3, 2022 6:32 अपराह्न

वेस्टइंडीज के खिलाफ 5 मैचों की टी-20 सीरीज समाप्त होने के बाद भारतीय टीम को अपनी अगली सीरीज जिम्बाब्वे के दौरे पर खेलनी है। 3 मैचों की इस वनडे सीरीज के लिए 30 जुलाई को आखिरकार चयनकर्ताओं ने 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया। जिसको लेकर पहले यह उम्मीद लगाई जा रही थी, कि विराट कोहली की वापसी देखने को मिलेगी। लेकिन ऐसा कुछ भी देखने को नहीं मिला और उन्हें एक बार फिर से आराम दिया गया।
इसके अलावा वेस्टइंडीज के खिलाफ टी-20 सीरीज के लिए टीम में चुने गए केएल राहुल जो कोरोना संक्रमित होने की वजह से नहीं जा सके उनको भी इस वनडे सीरीज के लिए आराम दिया गया है। वहीं जिम्बाब्वे के खिलाफ इस वनडे सीरीज में एक बार फिर से टीम की कप्तानी का जिम्मा ओपनिंग बल्लेबाज शिखर धवन संभालते हुए नजर आयेंगे।
अब ऐसी उम्मीद लगाई जा रही है कि विराट कोहली और केएल राहुल की वापसी अगस्त महीने के आखिर में शुरू होने वाले एशिया कप 2022 में देखने को मिलेगी। जो टी-20 वर्ल्ड कप 2022 की तैयारियों को देखते हुए काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इन दोनों ही खिलाड़ियों के अलावा नियमित कप्तान रोहित शर्मा भी जिम्बाब्वे दौरे के लिए टीम का हिस्सा नहीं हैं।
दीपक चाहर की हुई वापसी
IPL 2022 सीजन से पहले चोटिल होने वाले तेज गेंदबाज दीपक चाहर अब पूरी तरह से अपनी चोट से फिट हो चुके हैं, जिसके बाद जिम्बाब्वे दौरे के लिए टीम में उनका चयन किया गया है। इसके अलावा टीम के अन्य खिलाड़ियों को लेकर बात की जाए तो उसमें रुतुराज गायकवाड़ की भी टीम में वापसी देखने को मिली है।
विंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज में शानदार प्रदर्शन करने वाले शुभमन गिल अपनी जगह बरकरार रखने में कामयाब रहे हैं। वहीं मध्यक्रम के बल्लेबाज राहुल त्रिपाठी को भी इस वनडे सीरीज के लिए टीम में शामिल किया गया है। गेंदबाजी में कुलदीप यादव और अक्षर पटेल के अलावा मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा होंगे। जबकि वाशिंगटन सुंदर भी वनडे सीरीज के लिए टीम में शामिल किए गए हैं।
यहां पर देखिए जिम्बाब्वे के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम:
शिखर धवन (कप्तान), रुतुराज गायकवाड़, शुभमन गिल, दीपक हुड्डा, राहुल त्रिपाठी, इशान किशन (विकेटकीपर), संजू सैमसन (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, शार्दुल ठाकुर, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, आवेश खान, प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज, दीपक चाहर।