जब क्रिस गेल को वीरेंद्र सहवाग को 2002 के भारत बनाम वेस्टइंडीज वनडे मैच की याद दिलाने के लिए गूगल करना पड़ा
क्रिस गेल ने इस भारत बनाम वेस्टइंडीज वनडे मुकाबले में 27 रन बनाए थे।
अद्यतन - अक्टूबर 2, 2022 1:33 अपराह्न

वेस्टइंडीज के दिग्गज बल्लेबाज क्रिस गेल ने 30 सितंबर को जोधपुर के बरकतुल्लाह खान स्टेडियम में खेले गए लीजेंड्स लीग क्रिकेट 2022 (एलएलसी 2022) के गुजरात जायंट्स बनाम भीलवाड़ा किंग्स मैच के दौरान वीरेंद्र सहवाग को 20 साल पहले इसी मैदान में खेले गए एक वनडे मैच की याद दिलाई।
आपको बता दें, क्रिस गेल जारी एलएलसी 2022 में गुजरात जायंट्स का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं, और अगर फ्रेंचाइजी को फाइनल में जगह बनानी है, तो उन्हें एलिमिनेटर में क्वालीफायर के विजेता को 3 अक्टूबर को जोधपुर में मात देना होगा, वरना इस मैच के साथ उनका एलएलसी 2022 में सफर यही समाप्त हो जाएगा।
जब क्रिस गेल को वीरेंद्र सहवाग को 2002 के वनडे मैच की याद दिलानी पड़ी
इस बीच, क्रिस गेल ने साल 2002 में जोधपुर के बरकतुल्लाह खान स्टेडियम में भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेले गए वनडे मैच को याद करते हुए बताया कि जब वह इस बारे में वीरेंद्र सहवाग से बात कर रहे थे, तो पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज को यह मैच बिल्कुल भी याद नहीं था।
इस मैच में यूनिवर्सल बॉस ने 27 रन बनाए थे और वेस्टइंडीज केवल 201 रन बना पाई थी, जिसके जवाब में भारत ने यह लक्ष्य राहुल द्रविड़ और युवराज सिंह के अर्धशतकों के बदौलत 22 गेंदे शेष रहते ही हासिल कर लिया था।
क्रिस गेल ने लीजेंड्स लीग क्रिकेट के हवाले से कहा: “20 साल काफी लंबा समय है, और सहवाग को तो यह मैच याद तक नहीं था। हम इस भारत बनाम वेस्टइंडीज मैच के बारे में बात कर रहे थे और फिर हमने स्कोरकार्ड को गूगल किया। यह लोस्कोरिंग मैच था और भारत ने इसे जीता था। लेकिन ईमानदारी से कहूं तो वह मैच अब हमें ज्यादा रोमांचित कर रहा है, क्योंकि हम उसी शहर में हैं।
मुझे साल 2002 की वो सीरीज अब भी याद है। हम जोधपुर में हारे थे और सीरीज 3-3 से बराबरी पर थी, लेकिन फिर हमने सीरीज जीत ली थी। हम समय के साथ इन चीजों को भूल जाते हैं, लेकिन जब मैं यहां आया तो उस सीरीज की हर एक चीज मेरे जेहन में दोबारा लौट आई।”