शादाब खान ने सरफराज अहमद और बाबर आजम की कप्तानी में सबसे बड़े अंतर को किया उजागर
शादाब खान टेस्ट क्रिकेट में वापसी करना चाहते हैं।
अद्यतन - Jul 26, 2022 11:02 am

पाकिस्तान के स्टार ऑलराउंडर शादाब खान ने पूर्व कप्तान सरफराज अहमद और वर्तमान कप्तान बाबर आजम की कप्तानी में अंतर के बारे में बात की है। पाकिस्तानी ऑलराउंडर ने कहा कि अनुभवी विकेटकीपर-बल्लेबाज बाबर की तुलना में अधिक बात करने के कारण पिच पर अधिक सक्रिय कप्तान थे।
आपको बता दें, 2019 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद सरफराज अहमद को कप्तानी से हटा दिया गया था और सीमित ओवरों की टीम की कप्तानी बाबर आजम को सौंपी गई, जबकि टेस्ट टीम की कप्तानी अजहर अली को सौंपी गई थी। लेकिन साल 2020 के अंत में टेस्ट कप्तानी भी बाबर को दे दी गई।
टेस्ट क्रिकेट में वापसी करना चाहते हैं शादाब खान
शादाब खान ने ट्विटर पर एक वीडियो में कहा: “सरफराज अहमद मैदान पर एक सक्रिय कप्तान थे, जबकि बाबर आजम मैदान पर अपनी भावनाओं को ज्यादा बयां नहीं करते और अधिकतर शांत रहते हैं। कप्तानी के शुरुआती दौर में बाबर दबाव में थे, लेकिन अब वह अच्छी तरह से इस भूमिका में मंझ गए हैं।”
इस बीच, शादाब खान ने पाकिस्तान के लिए अब तक केवल छह टेस्ट मैच खेले हैं, जबकि आखिरी टेस्ट मैच अगस्त 2020 में इंग्लैंड के खिलाफ खेला था। वह अब टेस्ट क्रिकेट में वापसी करना चाहते हैं। स्टार ऑलराउंडर ने टेस्ट क्रिकेट को खेल का प्रीमियम प्रारूप बताया और कहा कि देश के लिए टेस्ट क्रिकेट खेलने से ज्यादा आकर्षक कुछ नहीं है। आपको बता दें, पाकिस्तान फिलहाल श्रीलंका में दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेल रहा है।
उन्होंने कहा: “मैं टेस्ट क्रिकेट खेलना चाहता हूं, लेकिन सच कहूं तो मुझे नहीं लगता है कि मैं इस समय टेस्ट टीम में अपनी जगह बना पाऊंगा। मैंने काफी समय से प्रथम-श्रेणी क्रिकेट नहीं खेला है, लेकिन मैं खेल के प्रीमियम प्रारूप में वापसी करना चाहता हूं, क्योंकि अपने देश के लिए टेस्ट क्रिकेट खेलने से ज्यादा आकर्षक कुछ नहीं है।”