शमी बुमराह गंभीर

‘मैंने दोनों छोर से इस तरह की गेंदबाजी काफी समय बाद देखी है’- शमी और बुमराह की तारीफ में बोले गंभीर

वर्ल्ड कप 2023 में अब तक 2 मैचों में 9 विकेट ले चुके हैं मोहम्मद शमी।

Gautam Gambhir, Jasprit Bumrah and Mohammed Shami (Photo Source: Getty Images)
Gautam Gambhir, Jasprit Bumrah and Mohammed Shami (Photo Source: Getty Images)

टीम इंडिया ने वर्ल्ड कप 2023 के अपने पिछले मैच में इंग्लैंड के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया था। बोर्ड पर अधिक रन नहीं होने के बावजूद भारतीय गेंदबाजों ने उस मैच में गेंद से कहर बरपाते हुए अपनी टीम को 100 रनों से एक बड़ी जीत दिलाई थी। इंग्लैंड के खिलाफ मैच में खासकर जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद शमी ने बेहतरीन गेंदबाजी की थी।

इंग्लैंड के खिलाफ मैच में बुमराह ने तीन विकेट अपने नाम किए थे वहीं शमी ने चार इंग्लिश प्लेयर्स को पवेलियन का रास्ता दिखाया था। उनके इसी प्रदर्शन को देखते हुए टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर ने इन दोनों गेंदबाजों की जमकर तारीफ की है।

मोहम्मद शमी और जसप्रीत बुमराह की तारीफ में बोले गौतम गंभीर

स्पोर्ट्सकीड़ा के साथ एक विशेष बातचीत में, गंभीर ने शमी और बुमराह की गेंदबाजी के बारे कहा कि, “मैंने बहुत लंबे समय के बाद दोनों छोर से ऐसा गेंदबाजी प्रदर्शन देखा है। आमतौर पर, आप ज्यादातर टीमों में देखेंगे कि एक तेज गेंदबाज वास्तव में अच्छा प्रदर्शन करता है, लेकिन दूसरे छोर से उसका साथी अच्छी तरह से उसका साथ नहीं दे पाता है। लेकिन यह भारत की ओर से यह विश्व स्तरीय गेंदबाजी थी।”

उन्होंने आगे कहा, “इंग्लैंड जैसी बल्लेबाजी लाइनअप को इस तरह से चुनौती देना दिखाता है कि इन दोनों के पास कितनी प्रतिभा है। शमी के नंबर शायद बुमराह से बेहतर हो सकते हैं, लेकिन मैं फिर भी उन दोनों का नाम लूंगा।”

उस मैच की बात करें तो भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 9 विकेट के नुकसान पर 229 रन बनाए थे। उस मैच में भारत की तरफ से कप्तान रोहित शर्मा ने शानदार 87 रनों की पारी खेली थी। उनके अलावा सूर्यकुमार यादव ने 49 और केएल राहुल ने 39 रन बनाए थे। इसके जवाब में इंग्लैंड की टीम 129 रनों पर ऑलआउट हो गई थी। इंग्लैंड की तरफ से उनका कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाया था। यह इस टूर्नामेंट में टीम इंडिया की लगातार छठी जीत थी।

यह भी पढ़ें: टीम होटल के डिनर को छोड़कर कोलकाता के प्रसिद्ध रेस्टोरेंट से ओर्डर किया खाना

close whatsapp