‘मैं समझता हूं कि मुझे तकनीकी और मानसिक रूप से क्या बदलाव करना है’- नीचले क्रम में बल्लेबाजी करने को लेकर बोले केएल राहुल
चोट से वापसी करने के बाद अब तक केएल राहुल का प्रदर्शन रहा है शानदार।
अद्यतन - सितम्बर 28, 2023 4:03 अपराह्न

ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच वर्ल्ड कप 2023 से पहले तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली गई। शुरुआती दो मैच जीतकर टीम इंडिया के पास ऑस्ट्रेलिया को व्हाइटवॉश करने का सुनहरा मौका था लेकिन कंगारू टीम ने ऐसा होने नहीं दिया और आखिरी मैच में मेजबान टीम को 66 रनों से मात दी।
सीरीज के अंतिम वनडे में कई एक्सपेरिमेंट देखने को मिले क्योंकि कई खिलाड़ी इस मुकाबले के लिए उपलब्ध नहीं थे और केएल राहुल ने निचले क्रम में खेलने की बात कही। राहुल, जो शुरू में एक एक सलामी बल्लेबाज थे वो इस इस मैच में 5वें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए क्योंकि वॉशिंगटन सुंदर ने रोहित शर्मा के साथ भारत के लिए पारी की शुरुआत की।
नंबर 5 पर बल्लेबाजी करने को लेकर बोले केएल राहुल
मैच के बाद JioCinema से बातचीत में केएल राहुल ने निचले क्रम में खेलने के बारे में बात की। उन्होंने कहा “चौथे और पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करना कोई बड़ा अंतर नहीं लगता। लेकिन हां, अपने पूरे जीवन में ओपनिंग बल्लेबाजी करते हुए नंबर 5 पर उतरना बहुत अलग लग रहा था। पिछले कुछ वर्षों से मुझे वह भूमिका दी गई है और मैंने लंबे समय तक उस पद पर भूमिका निभाई है।
उन्होंने आगे कहा कि, इसलिए, मैं समझता हूं कि मुझे तकनीकी और मानसिक रूप से क्या बदलाव करने हैं और कब जोखिम उठाना है। इसके अलावा, मैं खेल से कुछ समय के लिए दूर था – वापस गया और खिलाड़ियों के कुछ वीडियो देखे जिन्होंने नंबर 4 और 5 पर वास्तव में अच्छा प्रदर्शन किया है और वे अपनी पारी को कैसे आगे बढ़ाते हैं। इसलिए, जब मैं बीच में जाता हूं तो परिस्थितियों का आकलन करता हूं और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करता हूं।”
उन्होंने एशिया कप में टीम के हालिया प्रदर्शन और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उनके प्रदर्शन के बारे में भी बात की। राहुल ने कहा कि, “पिछले कुछ हफ्तों ने सभी को एक जैसी मानसिकता में डाल दिया है। एशिया कप वास्तव में हमारे लिए महत्वपूर्ण था, हर खेल को जीतना जरूरी था, और हम बहुत प्रतिस्पर्धी खेल खेल रहे थे। इस श्रृंखला के दौरान, हमने बहुत अच्छी ऑस्ट्रेलियाई टीम के साथ खेला और पिछले कुछ वर्षों में भारत में उनका पलड़ा हम पर भारी रहा है। इसलिए, हमने अपना सर्वश्रेष्ठ करने की कोशिश की।
यह भी पढ़ें: वर्ल्ड कप से ठीक पहले टीम इंडिया में बदलाव करने की प्लानिंग कर रहे हैं राहुल द्रविड़!