WI v IND: चौथे T20I में शानदार अर्धशतक लगाने के बाद शुभमन का बड़ा बयान, कहा- पहले तीन मैचों में….
शुभमन गिल ने चौथे T20I में 47 गेंदों पर 77 रन बनाए और यशस्वी जयसवाल के साथ 165 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की।
अद्यतन - Aug 13, 2023 2:26 pm

भारत के आक्रामक सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले तीन टी20 मैचों में रन बनाने के लिए संघर्ष करते हुए दिखे। लेकिन सलामी बल्लेबाज ने चौथे T20I में विंडीज के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया और उन्होंने 47 गेंदों पर 77 रन बनाए। गिल ने यशस्वी जयसवाल के साथ 165 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। उनकी इस साझेदारी की वजह से टीम इंडिया ने जीत दर्ज की और सीरीज को 2-2 से बराबर किया।
हालांकि, शुभमन गिल ने पहले तीन T20I में क्रमशः तीन, सात और छह रन बनाए थे। अपने उस खराब फॉर्म को लेकर बात करते हुए गिल ने कहा कि, वो पहले तीन मैच में अपनी शुरुआत को बड़ी पारी में तब्दील नहीं कर पाए। गिल ने कहा कि, “अपने मूल सिद्धांतों पर जाना महत्वपूर्ण है। आपको जानना होगा कि आप कोई गलती तो नहीं कर रहे हैं। मुझे लगा कि मैं तीनों मैचों में से किसी में भी गलती नहीं कर रहा हूं। लेकिन मैं अपनी शुरुआत को बदल नहीं सका। टी20 प्रारूप ऐसा ही है।”
अर्धशतकीय पारी खेलने के बाद काफी खुश दिखे शुभमन गिल
हिंदुस्तान टाइम्स के हवाले से गिल ने चौथे टी20 मैच के बाद अर्शदीप सिंह से बातचीत के दौरान कहा जब आपके पास 3-4 मैच होते हैं और वहां आपके एक अच्छे शॉट को फील्डर पकड़ लेता है, और आपको तेजी से रन बनाने पर ध्यान देना होता है, तो आपके पास ज्यादा सोचने का समय नहीं होता है।
आप बस यह देखिए कि जब आप लगातार रन बना रहे थे तो आपका पैटर्न क्या था।’ लक्ष्य का पीछा करने के दौरान गिल ने जयसवाल के साथ मिलकर टीम को मजबूत शुरुआत दी और उन्होंने पहले विकेट के लिए 165 रन जोड़े, जो टी20I में भारत के लिए पहले विकेट के लिए संयुक्त रूप से सबसे अधिक स्कोर है।
23 वर्षीय सलामी बल्लेबाज ने 163.82 की शानदार स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की और 77 रनों की अपनी धमाकेदार पारी के दौरान पांच छक्के और तीन चौके लगाए। गौरतलब है कि इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2023 में गिल ने शानदार प्रदर्शन किया था। वहां उन्होंने 17 मैचों में 59.33 की औसत से 890 रन बनाए, जिसमे चार अर्धशतक और तीन शतक शामिल थे।
इस बीच, टीम इंडिया पांचवें और अंतिम टी20 मैच में अपनी जीत के लय को बरकरार रखना चाहेगी ताकि सीरीज अपने नाम कर सके। दोनों टीमें रविवार, 13 अगस्त को लॉडरहिल के सेंट्रल ब्रोवार्ड रीजनल पार्क स्टेडियम टर्फ ग्राउंड में सीरीज के निर्णायक मुकाबले के लिए आमने-सामने होंगी।