एशिया कप 2022: चोटिल रवींद्र जडेजा के बाहर होने पर उनकी जगह अक्षर पटेल को टीम में किया गया शामिल
सुपर-4 के मुकाबले शुरू होने से पहले रवींद्र जडेजा का बाहर होना भारतीय टीम के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है।
CricTracker जूनियर स्टाफ लेखिका
अद्यतन - सितम्बर 2, 2022 6:46 अपराह्न

एशिया कप 2022 में सुपर-4 के लिए क्वालिफाई करने के बाद भारतीय टीम को अब एक बड़ा रवींद्र जडेजा के रूप में लगा है। जो चोटिल होने के चलते टूर्नामेंट में आगे हिस्सा नहीं ले सकेंगे और उनकी जगह पर टीम में ऑलराउंडर अक्षर पटेल को शामिल किया गया है, जो रिजर्व खिलाड़ी के तौर पर शामिल किए गए थे। जडेजा को घुटने में चोट की वजह से बाहर होना पड़ा है, जिसकी जानकारी भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने 2 सितंबर को जारी किए गए अपने आधिकारिक बयान के जरिए दी।
रवींद्र जडेजा का शुरुआती 2 ग्रुप मुकाबलों में काफी शानदार प्रदर्शन देखने को मिला था। जिसमें पाकिस्तान के खिलाफ उन्होंने बल्ले से नंबर-4 पर अहम पारी खेलते हुए टीम को जीत की तरफ लेकर जाने का काम किया था। वहीं हांगकांग के खिलाफ जडेजा ने गेंद के साथ फील्डिंग में भी कमाल दिखाया था। लेकिन अब उनकी जगह पर अक्षर पटेल को टीम में जगह दी गई है।
जिनका वेस्टइंडीज के दौरे पर खेली गई लिमिटेड ओवर्स सीरीज में काफी शानदार प्रदर्शन देखने को मिला था। हालांकि जडेजा का बाहर होना सुपर-4 से पहले भारतीय टीम के लिए काफी बड़ा झटका माना जा रहा है। वहीं क्या अक्षर पटेल को प्लेइंग इलेवन में सीधे खेलने का मौका मिलेगा इसको लेकर अब सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
ग्रुप स्टेज के दोनों मुकाबले जीतकर सुपर-4 में भारतीय टीम ने बनाई अपनी जगह
भारतीय टीम को लेकर बात की जाए तो उन्होंने एशिया कप 2022 में अपने अभियान की शुरुआत काफी शानदार तरीके से करते हुए पाकिस्तान को पहले ग्रुप मुकाबले में 5 विकेट से मात दी थी। जिसमें ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या का गेंद और बल्ले से धमाकेदार प्रदर्शन देखने को मिला था। हालांकि एक समय यह मैच काफी रोमांंचक हो गया था लेकिन पांड्या ने अपने बल्ले से भारतीय टीम को जीत दिला दी।
वहीं टीम इंडिया ने अपना दूसरा ग्रुप मुकाबला हांगकांग की टीम के खिलाफ खेला और इसमें सूर्यकुमार यादव और विराट कोहली के बल्ले से अर्धशतकीय पारियां देखने को मिली। जिसके बाद टीम ने इस मैच को 40 रनों से अपने नाम करने के साथ सुपर-4 में अपनी जगह को पक्का किया। अब भारतीय टीम को सुपर-4 में अपना पहला मुकाबला 4 सितंबर को दुबई के मैदान पर खेलना है।
यहां पर देखिए एशिया कप 2022 के लिए भारतीय टीम:
रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल (उप-कप्तान), विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, दीपक हुड्डा, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल, रविचंद्रन अश्विन, युजवेंद्र चहल, रवि बिश्नोई, भुवनेश्वर कुमार, अर्शदीप सिंह, आवेश खान।