सचिन तेंदुलकर

IML 2025: सचिन, युवराज एक दशक बाद फिर से दिखेंगे मैदान पर साथ, सीजन के पहले मैच में श्रीलंका से होगा मुकाबला

सचिन और युवराज की जोड़ी इंडिया मास्टर्स की अगुआई करेगी, जिसमें वे श्रीलंका के साथ अपना पहला मैच खेलेंगे

Sachin Tendulkar
Sachin Tendulkar. (Photo by Qamar Sibtain/India Today Group/Getty Images)

भारतीय क्रिकेट के दो पूर्व दिग्गज सचिन तेंदुलकर और युवराज सिंह एक दशक के बाद एक बार फिर मैदान पर एक साथ खेलते हुए नजर आएंगे। यह दिग्गज जोड़ी शनिवार, 22 फरवरी को डीवाई पाटिल स्पोर्ट्स अकादमी में होने वाले पहले इंटरनेशनल मास्टर्स लीग (IML) के बहुप्रतीक्षित ओपनिंग मुकाबले में इंडिया मास्टर्स की अगुआई करेगी, जिसमें वे श्रीलंका के साथ अपना मैच खेलेंगे।

IML में खेलते हुए दिखेंगे सचिन-युवराज

34,000 से ज़्यादा अंतरराष्ट्रीय रन और 100 शतकों के साथ एक वैश्विक क्रिकेट आइकन सचिन तेंदुलकर ने खेल के हर फ़ॉर्मेट पर अपना दबदबा बनाया, फिर भी उन्होंने भारत के लिए सिर्फ़ एक टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेला। अब वह एक बार फिर से इस छोटे फॉर्मेट में खेलते हुए नजर आएंगे। उन्हें देखने के लिए फैन्स के बीच उत्साह है।

वहीं 400 से ज़्यादा मैचों में एक शानदार ऑलराउंडर के रूप में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले युवराज सिंह ने 2011 वर्ल्ड कप और 2007 टी20 वर्ल्ड कप सहित भारत की सबसे महत्वपूर्ण जीत में अहम भूमिका निभाई। वह भी IML में खेलते हुए दिखेंगे।

पिछले कुछ सालों में भारत और श्रीलंका ने अपने शानदार मुकाबलों से फैंस को रोमांचित किया है। दोनों टीमों ने शानदार, नाटकीय और बेहतरीन पल फैंस के सामने पेश किए हैं, जो खेल के इतिहास में हमेशा के लिए दर्ज हो गए हैं। इन टीमों ने कई यादगार मुकाबले खेले हैं, जिसमें से 2011 ICC क्रिकेट विश्व कप फाइनल भी शामिल है, जहां भारत ने खिताब जीता था।

सचिन और युवराज जैसे चैंपियन के साथ-साथ पठान ब्रदर्स इरफान पठान और यूसुफ पठान, स्टुअर्ट बिन्नी, धवल कुलकर्णी और कई प्लेयर्स खेलते हुए दिखेंगे। जब ये दिग्गज मैदान पर उतरते हैं, तो उनका लक्ष्य न केवल प्रतिस्पर्धा करना होता है, बल्कि उस जुनून और पुरानी यादों को फिर से जगाना होता है, जो उन्हें लंबे समय से दुनिया भर के क्रिकेट प्रेमियों से जोड़े हुए हैं।

22 फरवरी से शुरू होने वाले IML T20 2025 में छह टीमें भाग लेंगी। इसमें भारत, श्रीलंका, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका की टीमे हैं, जिनमें से प्रत्येक में क्रिकेट के कुछ सबसे बड़े नाम शामिल हैं। टूर्नामेंट नवी मुंबई, वडोदरा और रायपुर में आयोजित की जाएगी, जिसमें रायपुर में सेमीफाइनल और 16 मार्च को फाइनल होगा।

इंडिया मास्टर्स का स्क्वॉड

सचिन तेंदुलकर (कप्तान), सौरभ तिवारी, गुरकीरत सिंह मान, अंबाती रायुडू, युवराज सिंह, स्टुअर्ट बिन्नी, यूसुफ पठान, इरफान पठान, पवन नेगी, नमन ओझा, अभिमन्यु मिथुन, धवल कुलकर्णी, राहुल शर्मा, शाहबाज नदीम, विनय कुमार।

close whatsapp