‘समय आने पर वह जरूर गेंदबाजी करेंगे’ T20 World Cup से पहले शिवम दुबे को लेकर इरफान पठान
IPL 2024 में कमाल का प्रदर्शन कर रहे हैं दुबे
अद्यतन - मई 2, 2024 3:43 अपराह्न

T20 World Cup 2024 का क्रिकेट फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। गौरतलब है कि इस बार यह टूर्नामेंट 2 जून से शुरू हो रहा है और वेस्टइंडीज व यूएसए की संयुक्त मेजबानी में खेला जाएगा। तो वहीं इस मल्टीनेशन टूर्नामेंट के लिए भारतीय टीम ने 30 अप्रैल को 15 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है।
इस टीम में पहले बार ऑलराउंडर शिवम दुबे (Shivam Dube) को शामिल किया गया है, जो जारी IPL 2024 में पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स के लिए कमाल का प्रदर्शन कर रहे हैं। टीम के लिए मिडिल ऑर्डर में बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने 10 मैचों में 3 अर्धशतक की मदद से कुल 350 रन बनाए हैं। इस दौरान दुबे का स्ट्राइक रेट 171.56 का रहा है।
साथ ही वह टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में फिलहाल तीसरे नंबर पर मौजूद है। स्पिन गेंदबाजों के खिलाफ बड़े शाॅट खेलने की काबिलियत दुबे को एक खास बल्लेबाज बनाती है। तो वहीं अब शिवम दूबे को लेकर पूर्व ऑलराउंडर खिलाड़ी और 2007 टी20 वर्ल्ड कप विजेता भारतीय टीम का हिस्सा रहे इरफान पठान (Irfan Pathan) का बड़ा बयान सामने आया है। पठान का कहना है कि दुबे समय आने पर गेंदबाजी जरूर करेंगे।
शिवम दुबे को लेकर इरफान पठान ने दिया बड़ा बयान
बता दें कि टी20 वर्ल्ड कप 2024 में भारतीय में शिवम दुबे के सेलेक्शन को लेकर इरफान ने कहा- शिवम दुबे को इसलिए चुना गया है क्योंकि वह आपको 1 या 2 ओवर गेंदबाजी करके दे सकते हैं। वह नियमित रूप से चेन्नई सुपर किंग्स के लिए नेट्स पर गेंदबाजी करते रहे हैं।
इम्पैक्ट प्लेयर नियम के कारण उन्हें गेंदबाजी करने का मौका नहीं मिला। वह मैच में गेंदबाजी करने में सक्षम है और जब समय आएगा और जरूरत होगी तो वह टीम इंडिया के लिए कम से कम 1 या 2 ओवर गेंदबाजी कर सकते हैं।
इरफान ने आगे कहा- जहां तक उनकी हार्ड हिटिंग बल्लेबाजी की बात है तो मैं सच में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ चेन्नई सुपर किंग्स के मैच का इंतजार कर रहा हूं। मैं देखना चाहता हूं कि वह पैट कमिंस के खिलाफ किस तरह की बल्लेबाजी करने वाले हैं।
मुझे पता है कि कमिंस उन्हें ऑफ स्टंप के बाहर गेंदबाजी करेगा, लेकिन मैं यह भी देखना चाहता था कि शिवम उसका मुकाबला कैसे करेगा। क्योंकि पैट कमिंस के खिलाफ वो टी20 वर्ल्ड कप में भी बल्लेबाजी करता हुआ नजर आएगा।