टी-20 वर्ल्ड कप 2022: रोहित शर्मा को वर्ल्ड कप में लंबे अरसे बाद मिल रहा है ये मौका; जानिए भारतीय कप्तान की प्रतिक्रिया - क्रिकट्रैकर हिंदी

टी-20 वर्ल्ड कप 2022: रोहित शर्मा को वर्ल्ड कप में लंबे अरसे बाद मिल रहा है ये मौका; जानिए भारतीय कप्तान की प्रतिक्रिया

भारत न्यूजीलैंड के खिलाफ 19 अक्टूबर को ब्रिस्बेन में अंतिम वार्म-अप मैच खेलेगा।

Rohit Sharma (Image Source: Getty Images)
Rohit Sharma (Image Source: Getty Images)

भारतीय क्रिकेट टीम का जारी आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में अभियान 17 अक्टूबर को ब्रिस्बेन के गाबा में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वार्म-अप मैच के साथ शुरू हो गया है। भारत ने इस वार्म-अप मैच में मेजबान और गत विजेता ऑस्ट्रेलियाई टीम को छः रनों से मात देकर अपने इरादे स्पष्ट कर दिए हैं।

इस बीच, भारतीय कप्तान रोहित शर्मा पहली बार वर्ल्ड कप में अपने देश की कप्तानी कर रहे हैं, और वह इस मौके को पाकर बेहद खुशनसीब महसूस कर रहे हैं। उन्हें 15 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद यह मौका मिला है। अनुभवी सलामी बल्लेबाज ने कहा कि वह इस अवसर का भरपूर आनंद लेना चाहते हैं, और 23 अक्टूबर को एमसीजी में खेले जाने वाले भारत बनाम पाकिस्तान मुकाबले के लिए उत्साहित है।

टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में भारत की कप्तानी करने को लेकर रोहित शर्मा ने जताया उत्साह

भारतीय कप्तान ने आगे कहा कि उन्हें ऑस्ट्रेलिया जल्दी पहुंचने की खुशी है, क्योंकि टीम इंडिया टी-20 वर्ल्ड कप 2022 से पहले अभ्यास मैचों में कुछ चीजों को आजमाना चाहती थी। आपको बता दें, भारत टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में पाकिस्तान के खिलाफ अपना पहला मैच खेलने से पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ 19 अक्टूबर को ब्रिस्बेन में अंतिम वार्म-अप मैच खेलेगा।

रोहित शर्मा ने स्टार स्पोर्ट्स के हवाले से कहा: “हमें ऑस्ट्रेलिया जल्दी पहुंचकर अच्छा लग रहा है। हम कुछ चीजों को आजमाना चाहते थे, अब हमें पहले बल्लेबाजी करने और लक्ष्य निर्धारित करने में कोई दिक्कत नहीं है। यहां अच्छी ताजा पिच है। हम ऑस्ट्रेलिया बहुत पहले आ गए थे, हमने पर्थ में एक अभ्यास शिविर में भी हिस्सा लिया। ये वार्म-अप मैच हमें चीजों को और स्पष्ट रूप से देखने में मदद करेंगे। इन मैचों के दौरान हम कुछ चीजों को आजमाना चाहते हैं।

मुझे पता है कि गेंदबाज क्या करने वाले हैं। उन्हें कॉन्फिडेंस देना बहुत जरूरी है क्योंकि कुछ खिलाड़ी पहली बार ऑस्ट्रेलिया दौरे पर आए हैं। क्रिकेट खेलने के लिए ऑस्ट्रेलिया बहुत अच्छी जगह है। वर्ल्ड कप में भारतीय टीम की कप्तानी करना एक अलग और खास एहसास है। मैं अपने अंतरराष्ट्रीय करियर के 15 वर्षों बाद पहली बार किसी वर्ल्ड कप में अपने देश की कप्तानी कर रहा हूं। यह बेहद खास और सौभाग्य की बात है, और मैं इस अवसर का आनंद लेना चाहता हूं। हम सभी इस टूर्नामेंट का लुफ्त उठाना चाहते हैं।”

close whatsapp