विराट कोहली के 100वें टेस्ट मैच में दर्शकों की अनुपस्थिति को लेकर चिंतित हैं सुनील गावस्कर - क्रिकट्रैकर हिंदी

विराट कोहली के 100वें टेस्ट मैच में दर्शकों की अनुपस्थिति को लेकर चिंतित हैं सुनील गावस्कर

भारत और श्रीलंका के बीच पहला टेस्ट मुकाबला मोहाली में 4 मार्च से आयोजित किया जायेगा।

 

Sunil Gavaskar. (Photo Source: Twitter)
Sunil Gavaskar. (Photo Source: Twitter)

पहले भारतीय टीम ने श्रीलंका के खिलाफ 27 फरवरी को समाप्त हुई टी-20 सीरीज में क्लीन स्वीप किया और अब मेहमान टीम से 4 मार्च को पहले टेस्ट में भिड़ेगी। विराट कोहली के बाद रोहित शर्मा लम्बे प्रारूप में भारतीय टीम का नेतृत्व करेंगे, वह भारत के 35वें टेस्ट कप्तान हैं। विराट कोहली ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में हार के बाद अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। भारतीय टीम श्रीलंका के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखने की भरपूर कोशिश करेगी।

हालांकि, विराट कोहली को श्रीलंका के खिलाफ टी-20 सीरीज में आराम दिया गया था लेकिन 4 मार्च से शुरू होने वाले पहले टेस्ट में पूर्व भारतीय कप्तान मौजूद होंगे। यह मुकाबला कोहली के लिए काफी खास होगा क्योंकि 33 वर्षीय कोहली 4 मार्च को अपना 100वां टेस्ट मैच खेलेंगे, लेकिन इस मुकाबले में रन मशीन के समर्थन के लिए स्टेडियम में दर्शक उपस्थित नहीं होंगे।

इस बीच पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुनील गावस्कर ने इस मुकाबले में दर्शकों की अनुपस्थिति को लेकर निराशा जताई है। गावस्कर के अनुसार, कोई भी कलाकार लोगों के सामने प्रदर्शन करना पसंद करता है।

“विराट के लिए 100वां टेस्ट बेहद खास”- सुनील गावस्कर

सुनील गावस्कर ने स्पोर्ट्स टुडे के साथ बातचीत में कहा कि “जब आप कोई भी खेल खेलते हैं तो आप चाहते हैं कि वहां दर्शक भी हों। भारत ने हाल-फिलहाल बिना दर्शकों के कई मैच खेले हैं। कोई भी कलाकार चाहे वह अभिनेता हो या क्रिकेटर, दर्शकों के सामने खेलना चाहता है।”

उन्होंने विराट कोहली के लिए इस मुकाबले को खास बताते हुए कहा “कोहली के लिए 100वां टेस्ट बेहद खास है। निराशा होती है कि दर्शक इस मुकाबले में मौजूद नहीं होंगे, लेकिन मुझे लगता है कि निर्णय जनहित में लिया गया है। मोहाली और उसके आसपास कोरोना के मामले बढ़ गए हैं, जहां मैच खेला जाने वाला है।”

विराट कोहली ने अभी तक अपने टेस्ट करियर में 99 मैचों में 27 शतक और 28 अर्धशतकों के साथ कुल 7962 रन बनाये हैं। रन मशीन के नाम से जाने वाले कोहली एकमात्र ऐसे भारतीय बल्लेबाज हैं जिन्होंने टेस्ट में अभी तक 7 दोहरे शतक लगाये हैं।

close whatsapp