IPL 2024: इशांत शर्मा का घातक गेंदबाजी स्पेल रहा DC vs LSG मैच का टर्निंग पॉइंट
इशांत शर्मा ने दिल्ली कैपिटल्स की ओर से काफी अच्छी गेंदबाजी की और चार ओवर में 34 रन देकर तीन विकेट झटके।
अद्यतन - मई 14, 2024 11:54 अपराह्न

आज यानी 14 मई को खेले गए इंडियन प्रीमियर लीग 2024 के महत्वपूर्ण मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 19 रनों से हराया। इस मैच में दिल्ली टीम की ओर से सभी खिलाड़ियों ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया और अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। लखनऊ सुपर जायंट्स दिल्ली के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन दिखाने में नाकाम रहे।
इस मुकाबले में दिल्ली टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में चार विकेट खोकर 208 रन बनाए। दिल्ली टीम की शुरुआत इस मैच में इतनी अच्छी नहीं हुई थी और आक्रामक सलामी बल्लेबाज Jake Fraser-McGurk बिना खाता खोले ही वापस पवेलियन लौट गए। हालांकि पहला विकेट गिरने के बाद अभिषेक पोरेल और शाई होप ने दूसरे विकेट के लिए 94 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की। अभिषेक पोरेल ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 33 गेंदों में 5 चौके और 4 छक्कों की मदद से 58 रनों की विस्फोटक पारी खेली। पोरेल ने लखनऊ सुपर जायंट्स के किसी भी गेंदबाज को नहीं छोड़ा और सभी के खिलाफ कड़ा प्रहार किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ टीम का प्रदर्शन पावरप्ले में ही काफी खराब रहा और उन्होंने पांच ओवर के भीतर ही अपने चार महत्वपूर्ण विकेट खो दिए। इशांत शर्मा ने दिल्ली कैपिटल्स की ओर से काफी अच्छी गेंदबाजी की और चार ओवर में 34 रन देकर तीन विकेट झटके। उनकी इसी गेंदबाजी की वजह से लखनऊ टीम मैच में वापसी नहीं कर पाई।
बता दें, इशांत शर्मा ने लखनऊ के खिलाफ कप्तान केएल राहुल, शानदार सलामी बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक और दीपक हुड्डा का विकेट अपने नाम किया। भले ही लखनऊ की ओर से निकोलस पूरन और अरशद खान ने अर्धशतकीय पारी खेली हो लेकिन इशांत की गेंदबाजी ने टीम को पूरी तरह से बैकफुट पर लाकर खड़ा कर दिया था।
दिल्ली ने महत्वपूर्ण मैच में जीत दर्ज की
लखनऊ टीम इस मैच में 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 189 रन ही बना पाई और मैच हार गई। यही नहीं लखनऊ सुपर जायंट्स इस सीजन के प्लेऑफ की दौड़ से बाहर होने वाली चौथी टीम बन गई है।
वहीं दिल्ली की इस जीत से राजस्थान रॉयल्स भी आईपीएल 2024 के प्लेऑफ में क्वालीफाई हो चुकी है। दिल्ली टीम भी इस सीजन के प्लेऑफ में बनी हुई है लेकिन उनका पहुंचना बहुत ही मुश्किल है।