दिल्ली कैपिटल्स ने IPL 2022 के मेगा ऑक्शन से पहले अपने रिटेन किए जाने वाले खिलाड़ियों के नामों का किया ऐलान - क्रिकट्रैकर हिंदी

दिल्ली कैपिटल्स ने IPL 2022 के मेगा ऑक्शन से पहले अपने रिटेन किए जाने वाले खिलाड़ियों के नामों का किया ऐलान

दिल्ली कैपिटल्स में रिटेन किए गए 4 खिलाड़ियों में शिखर धवन का नाम शामिल नहीं है।

Delhi CapitalsDelhi Capitals. (Photo Source: IPL/BCCI)
Delhi Capitals. (Photo Source: IPL/BCCI)

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 का सीजन पहले के सीजनों के मुकाबले कहीं ज्यादा बड़ा होने वाला है। जिसको लेकर इसी बात से अंदाजा लगाया जा सकता है कि अगले सीजन में 8 की जगह 10 टीम खेलते हुए नजर आने वाली हैं। जिसको लेकर मेगा ऑक्शन का भी आयोजन किया जाएगा। अगला IPL सीजन भले ही शुरू होने में अभी काफी समय बचा है लेकिन उसकी तैयारियां अभी से शुरू कर दी गई हैं।

IPL 2022 के सीजन के मेगा ऑक्शन को लेकर अभी से सभी की नजरें टिक गई हैं, लेकिन उससे पहले मौजूदा सभी 8 फ्रेंचाइजि किस-किस खिलाड़ी को रिटेन करने का फैसला करती हैं। जिसको लेकर 30 नवंबर की आखिरी तारीख सभी फ्रेंचाइजियों को दी गई थी और अब इसी कड़ी में दिल्ली कैपिटल्स टीम ने अपने रिटेन किए जाने वाले खिलाड़ियों के नामों का ऐलान कर दिया है।

दिल्ली कैपिटल्स का पिछले 2 IPL सीजन में काफी शानदार प्रदर्शन देखने को मिला है। जिसमें IPL 2020 के सीजन में जहां टीम ने श्रेयस अय्यर की कप्तानी में फाइनल तक का सफर तय किया था। वहीं IPL 2021 के सीजन में दिल्ली की टीम ऋषभ पंत के नेतृत्व में खेलते हुए प्लेऑफ तक पहुंचने में कामयाब रही थी।

पंत और अक्षर सहित इनको किया दिल्ली कैपिटल्स ने रिटेन

मेगा ऑक्शन से पहले दिल्ली कैपिटल्स के रिटेन किए जाने वाले खिलाड़ियों के नामों का ऐलान होने के साथ उसमें कई बड़े नाम गायब भी देखने को मिले हैं। दिल्ली कैपिटल्स ने ऋषभ पंत, पृथ्वी शॉ, एनरिक नॉर्खिया और अक्षर पटेल को रिटेन करने का फैसला किया है। इन रिटेन किए जाने वाले खिलाड़ियों का प्रदर्शन पिछले सीजन में शानदार देखने को मिला था। जिसकी बदौलत दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने प्लेऑफ तक का सफर तय किया था।

धवन और अय्यर का नदारद

हालांकि शिखर धवन जिनका बल्ले से पिछला IPL सीजन काफी शानदार रहा था उनको दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने रिटेन ना करने का फैसला करते हुए सभी को चौंका जरूर दिया है। वहीं श्रेयस अय्यर के नाम को लेकर भी काफी चर्चा पहले से देखने को मिल रही थी, जिसमें ऐसा कहा जा रहा था कि वह भी रिटेन नहीं किए जायेंगे और ऐसा ही देखने को भी मिला है।

दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने अपने पहले रिटेन खिलाड़ी के तौर पर ऋषभ पंत को 16 करोड़ रुपए, उसके बाद अक्षर पटेल को 9 करोड़ रुपए, पृथ्वी शॉ को 7.5 करोड़ रुपए जबकि एनरिक नॉर्खिया को 6.5 करोड़ रुपए में रिटेन करने का फैसला किया है। जिसके बाद अब दिल्ली कैपिटल्स टीम के पास मेगा ऑक्शन के समय 47.5 करोड़ रुपए पर्स में शेष रह जायेंगे।

close whatsapp