WATCH: मुंबई इंडियंस में रोहित शर्मा ने पूरे किए 14 साल, फ्रेंचाइजी ने शेयर किया खास वीडियो - क्रिकट्रैकर हिंदी

WATCH: मुंबई इंडियंस में रोहित शर्मा ने पूरे किए 14 साल, फ्रेंचाइजी ने शेयर किया खास वीडियो

8 जनवरी 2011 को मुंबई इंडियंस ने रोहित शर्मा को ऑक्शन में $2 मिलियन में खरीदा था।

Rohit Sharma (Photo Source: Getty Images)
Rohit Sharma (Photo Source: Getty Images)

भारतीय कप्तान रोहित शर्मा के लिए बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2024-25 किसी बुरे सपने से कम नहीं रही। खराब फॉर्म के चलते उन्हें सिडनी टेस्ट से खुद को ड्रॉप तक करना पड़ा। फैंस को उम्मीद है कि हिटमैन आगामी सीरीज में बल्ले से खूब रन बरसाएंगे।

आज 8 जनवरी का दिन रोहित शर्मा के लिए काफी ज्यादा खास है। आज ही के दिन 2011 में मुंबई इंडियंस ने उन्हें ऑक्शन में $2 मिलियन में खरीदकर अपनी टीम में शामिल किया था। रोहित इससे पहले तीन सीजन डेक्कन चार्जर्स का हिस्सा थे।

रोहित शर्मा ने मुंबई इंडियंस के लिए खेलते हुए 14 साल पूरे कर लिए हैं। फ्रेंचाइजी ने सोशल मीडिया पर एक खास वीडियो शेयर किया है, जो काफी सुर्खियां बटोर रहा है।

पांच आईपीएल ट्रॉफी जीतने वाले पहले कप्तान हैं रोहित शर्मा

रोहित शर्मा की कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने पांच बार खिताब अपने नाम किया है। फ्रेंचाइजी चेन्नई सुपर किंग्स के साथ संयुक्त रूप से सर्वाधिक ट्रॉफी जीतने वाली टीम हैं। रोहित ने 2013 सीजन के बीच में रिकी पोंटिंग को रिप्लेस करते हुए कप्तानी हाथों में ली थी। पोंटिंग उस वक्त काफी ज्यादा खराब फॉर्म से जूझ रहे थे।

हिटमैन के कप्तान बनते ही मुंबई की किस्मत चमक गई और टीम ने फाइनल में चेन्नई सुपर किंग्स को हराकर पहला खिताब जीता। मुंबई ने फिर 2015, 2017, 2019 और 2020 में ट्रॉफी अपने नाम की। रोहित कप्तान के रूप में पांच आईपीएल ट्रॉफी जीतने वाले पहले खिलाड़ी भी हैं।

मुंबई इंडियंस के कप्तान के रूप में मिली सफलता ने उन्हें भारतीय क्रिकेट टीम का कप्तान भी बनाया। वह 2022 में विराट कोहली को रिप्लेस कर तीनों फॉर्मेट में भारत के फुल-टाइम कप्तान बने थे।

यहां देखें मुंबई इंडियंस द्वारा साझा किया गया वीडियो-

आईपीएल 2024 से पहले मुंबई इंडियंस ने रोहित शर्मा को बर्खास्त कर हार्दिक पांड्या को कप्तानी सौंपी थी। इस फैसले के बाद मैनेजमेंट को फैंस द्वारा काफी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा। ऐसी खबरें भी आ रही थी कि रोहित मैनेजमेंट से खुश नहीं है और 2025 सीजन में टीम का साथ छोड़ सकते हैं।

हालांकि, मुंबई ने आगामी सीजन से पहले रोहित को 16.30 करोड़ रुपये में रिटेन किया। हिटमैन ने फ्रेंचाइजी के लिए अब तक 217 पारियों में 29.69 के औसत, 131.05 के स्ट्राइक रेट से 5731 रन बनाए हैं।

close whatsapp