IND vs NZ: कीवी बल्लेबाजों का इरफान पठान ने जमकर उड़ाया मजाक - क्रिकट्रैकर हिंदी

IND vs NZ: कीवी बल्लेबाजों का इरफान पठान ने जमकर उड़ाया मजाक

इरफान पठान ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट में ट्वीट किया कि, 'इस समय के बल्लेबाजों के सामने थोड़ा गेंद हिला और गरबा चालू।'

Irfan Pathan. (Photo Source: Twitter)
Irfan Pathan. (Photo Source: Twitter)

आज यानी 21 जनवरी को रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए दूसरे वनडे मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को आठ विकेट से मात देकर तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज में 2-0 की अजय बढ़त बनाई। भारतीय टीम के गेंदबाजों ने काफी शानदार गेंदबाजी करते हुए न्यूजीलैंड को 108 रन पर ऑलआउट कर दिया।

इस दूसरे वनडे में भारतीय गेंदबाजों ने न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों को टिकने का मौका नहीं दिया और लगातार अंतराल में विकेट चटकाए। भारत की ओर से मोहम्मद शमी ने 6 ओवर में 18 रन देकर तीन विकेट झटके। शमी के अलावा हार्दिक पांड्या और वॉशिंगटन सुंदर ने 2-2 विकेट अपने नाम किए। मोहम्मद सिराज, कुलदीप यादव और शार्दुल ठाकुर ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।

भारत के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान ने न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी को लेकर मजाकिया बयान दिया। उन्होंने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट में एक ट्वीट करते हुए भारतीय गेंदबाजों की जमकर तारीफ की।

ये रहा इरफान पठान का ट्वीट:

इरफान पठान ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट में ट्वीट किया कि, ‘इस समय के बल्लेबाजों के सामने थोड़ा गेंद हिला और गरबा चालू।’

भारतीय टीम ने तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बनाई

भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। उनका यह फैसला काफी सही साबित हुआ और भारतीय गेंदबाजों ने न्यूजीलैंड को 108 रन पर ऑलआउट कर दिया। 109 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने 20.1 ओवर में 2 विकेट खोकर यह मैच अपने नाम किया।

भारत की ओर से कप्तान रोहित शर्मा ने 50 गेंदों में 7 चौके और दो छक्कों की मदद से 51 रन बनाए जबकि दूसरे सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल ने 53 गेंदों में 6 चौकों की मदद से 40* रन की महत्वपूर्ण पारी खेली।

विराट कोहली 9 गेंदों में 11 रन बनाकर आउट हो गए जबकि विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन ने 9 गेंदों में 2 चौकों की मदद से 8* रन बनाकर भारत को जीत दिलाई। बता दें, भारत ने पहला वनडे 12 रनों से अपने नाम किया था।

अब इन दोनों टीमों के बीच तीसरा और अंतिम वनडे मुकाबला 24 जनवरी को इंदौर के होल्कर क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। भारतीय टीम यही चाहेगी कि इस तीसरे वनडे मैच को भी जीतकर न्यूजीलैंड को क्लीनस्वीप करें।

close whatsapp