महत्वपूर्ण मुकाबलों में विराट कोहली ने हमेशा जबरदस्त प्रदर्शन किया है: कैमरून ग्रीन - क्रिकट्रैकर हिंदी

महत्वपूर्ण मुकाबलों में विराट कोहली ने हमेशा जबरदस्त प्रदर्शन किया है: कैमरून ग्रीन

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल मुकाबला 7 जून से ओवल में खेला जाएगा।

(Photo Source: Twitter)

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल मुकाबला 7 जून से द ओवल में खेला जाएगा। इस बेहतरीन मैच से पहले ऑस्ट्रेलिया के युवा ऑलराउंडर कैमरून ग्रीन ने भारत के अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली की जमकर प्रशंसा की है।

कैमरून ग्रीन के मुताबिक भारतीय खिलाड़ी ने महत्वपूर्ण मुकाबलों में हमेशा अच्छा प्रदर्शन किया है और ऐसे कई मैच है जिसमें उन्होंने अविश्वसनीय बल्लेबाजी की है। टेस्ट क्रिकेट में विराट कोहली का रिकॉर्ड काफी शानदार है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में विराट कोहली ने 24 मुकाबलों में 48.26 के औसत से 1979 रन बनाए हैं। इंडियन प्रीमियर लीग 2023 में भी विराट कोहली का बल्ला जमकर बोला और अब आगामी वर्ल्ड चैंपियनशिप में भी उनका बड़ा स्कोर बनाना बेहद जरूरी है।

ICC से बात करते हुए कैमरून ग्रीन ने बोला कि, ‘विराट कोहली मुझे लगता है कि ऐसे खिलाड़ी हैं जो बड़े मुकाबलों में हमेशा अपने दम पर अपनी टीम को जीत दिलाते हैं। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप बहुत ही बड़ा मुकाबला है और मैं इस चीज पर जरूर मेहनत करूंगा।

टेस्ट क्रिकेट को लेकर ऑस्ट्रेलियाई युवा ऑलराउंडर ने रखा अपना पक्ष

हाल ही में संपन्न हुए इंडियन प्रीमियर लीग 2023 में कैमरुन ग्रीन ने मुंबई इंडियंस की ओर से काफी अच्छा प्रदर्शन किया। कैमरुन ग्रीन की मानें तो टी-20 क्रिकेट से टेस्ट क्रिकेट में बदलाव करने को लेकर उन्हें कोई भी परेशानी नहीं होगी।

ऑस्ट्रेलियाई युवा खिलाड़ी ने आगे कहा कि, ‘जब आप मैदान पर होते हैं तब टेस्ट क्रिकेट जैसा कुछ नहीं होता। हां आपको थोड़ा डर जरूर लगा रहता है लेकिन सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों को ही दबाव झेलना आता है।’

कैमरून ग्रीन ने भारत के खिलाफ अभी तक छह टेस्ट मुकाबले खेले हैं जिसमें उन्होंने 371 रन बनाए हैं। इंग्लैंड की परिस्थितियां उनके लिए काफी मददगार साबित हो सकती हैं और भारत को इस बेहतरीन खिलाड़ी से बचकर रहना होगा।

close whatsapp