‘मैं तो विराट को आसानी से आउट…’- पूर्व पाकिस्तानी खिलाड़ी ने हांकि बड़ी-बड़ी डींगे
विराट कोहली अंतरराष्ट्रीय करियर में अब तक 75 शतक जड़ चुके हैं।
अद्यतन - जुलाई 18, 2023 5:40 अपराह्न

पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली क्रिकेट की दुनिया के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज माने जाते हैं। विराट कोहली अपने करियर में अब तक 75 शतक जड़ चुके हैं। कई दिग्गज खिलाड़ियों का मानना है कि विराट कोहली अपने करियर में सचिन तेंदुलकर के 100 शतक का रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं। विराट कोहली पिछले कुछ सालों से खराब फॉर्म से जूझते हुए नजर आ रहे थे, लेकिन वापसी के बाद विराट कोहली तीनों फॉर्मेट में शतक जड़ चुके हैं।
विराट कोहली और पाकिस्तान के खिलाड़ी बाबर आजम की तुलना कोई नई बात नहीं है। अकसर दोनों खिलाड़ियों की तुलना चर्चा का विषय रहती है। कई पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटरों का मानना है कि विराट कोहली ज्यादा बेहतर बल्लेबाज है, वहीं कुछ पूर्व खिलाड़ी बाबर आजम को बेहतर बताते हैं। अब इसी बीच पाकिस्तान के पूर्व खिलाड़ी राणा नावेद उल हसन ने बाबर आजम और विराट कोहली की तुलना को लेकर बड़ा बयान दिया है।
बाबर की तकनीक ज्यादा अच्छी है- राणा नावेद उल हसन
बाबर आजम और विराट कोहली की तुलना के सवाल पर राणा नावेद उल हसन का कहना है कि, उन्हें बाबर आजम की बल्लेबाजी तकनीक विराट कोहली से ज्यादा बेहतर लगती है। राणा नावेद उल हसन ने नादिर अली के पॉडकॉस्ट पर बात करते हुए कहा, ‘जब भी हम बाबर आजम और विराट कोहली की तुलना करते हैं तो मैं ये हमेशा कहता हूं कि बाबर आजम की तकनीक विराट कोहली के मुकाबले ज्यादा अच्छी है। इसी वजह से वो कम फेल होते है।’
राणा नावेद उल हसन ने आगे कहा, ‘विराट कोहली डेढ़ सालों तक रन नहीं बना पाए क्योंकि वो एक बॉटम खिलाड़ी हैं। जब इस तरह का खिलाड़ी फेल होता है तो फिर लंबा फेल होता है। बाबर आजम तकनीकी रूप से ज्यादा सक्षम है और अपनी लिमिट में खेलते हैं। हालांकि उनके पास कोहली जितने शॉट्स नहीं हैं, क्योंकि कोहली के पास बाबर के मुकाबले ज्यादा शॉट्स है।’
यह भी पढ़े- शुभमन गिल के अंदर रन बनाने की भूख है और इसी वजह से वो बाकी खिलाड़ियों से अलग है: हरभजन सिंह
राणा नावेद उल हसन ने आगे यह भी कहा कि अगर वो अपने पुराने लय में होते तो विराट कोहली को आसानी से आउट कर सकते थे। नादिर अली के पॉडकास्ट पर बात करते हुए राणा नावेद उल हसन ने कहा, ‘अगर मैं अपने पुराने लय में होता तो विराट कोहली को आसानी से आउट कर सकता था। मेरी आउट स्विंग काफी अच्छी थी तो मैं विराट को विकेटकीपर या स्लिप में कैच करवाता।’