जुलाई 8- Evening न्यूज हेडलाइंस: आज शाम तक की सभी ताजा खबरें क्रिकेट जगत से
क्रिकेट की दुनिया में 8 जुलाई 2023 को घटित इन 10 खबरों के बारे में जानें विस्तार से।
अद्यतन - जुलाई 8, 2023 4:13 अपराह्न

1. वॉर्नर और विराट कोहली नहीं है फैब- 4 का हिस्सा
विराट कोहली, स्टीव स्मिथ, जो रूट और केन विलियम्सन टेस्ट क्रिकेट में फैब-4 के नाम से जाने जाते हैं। पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल से पहले शानदार फॉर्म से गुजर रहे थे। लेकिन WTC फाइनल में उनके निराशाजनक प्रदर्शन ने क्रिकेट प्रेमियों को बहुत निराश किया है। जिसके चलते क्रिकेट कमेंटटेटर आकाश चोपड़ा का मानना है कि, विराट कोहली और डेविड वॉर्नर अब फैब-4 का हिस्सा नहीं है। अब यह सिर्फ फैब-3 हो गया है जिसमें, केन विलियम्सन, जो रूट और स्टीव स्मिथ शामिल है।
2. आप PCB से पूछे क्योंकि फैसला उनको लेना है कि क्या वो मुझे कप्तानी पद में देखते हैं या नहीं: बाबर आजम
बाबर आजम की कप्तानी में पाकिस्तान को पिछले साल एशिया कप और टी-20 वर्ल्ड कप का फाइनल मैच हारना पड़ा था। तब से ही बाबर आजम की कप्तानी को लेकर सवाल उठ रहे हैं। पाकिस्तान 16 जुलाई से श्रीलंका के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज खेलने के लिए तैयार है जिससे पहले बाबर आजम की कप्तानी पर सवाल उठ रहे हैं। लेकिन अब इस पूरे मामले को लेकर बाबर आजम ने अपना पक्ष रख दिया है। (यहां पढ़िए पूरी खबर)
3. तमीम इकबाल के रिटायरमेंट को लेकर राजस्थान रॉयल्स ने दी मजेदार प्रतिक्रिया
बांग्लादेशी कप्तान तमीम इकबाल ने अफगानिस्तान के खिलाफ पहले वनडे मैच के बाद संन्यास का ऐलान कर दिया था। लेकिन दूसरे वनडे से पहले प्रधानमंत्री से मिलने के बाद तमीम इकबाल ने रिटायरमेंट वापस ले लिया। तमीम इकबाल ने 24 घंटों के अंदर ही अपना रिटायरमेंट वापस ले लिया। इसके मजेदार पक्ष को देखते हुए राजस्थान रॉयल्स ने तमीम और उनके रिटायरमेंट पर प्रतिक्रिया दी और इसे साल में होने वाली सबसे तेज चीजों में से एक माना।
4. मोहम्मद कैफ के अनुसार आईसीसी टूर्नामेंट्स में टीम इंडिया को नहीं खल रही है धोनी की कमी
भारतीय टीम को हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में हार का सामना करना पड़ा है। इस हार के बाद से टीम इंडिया के आईसीसी खिताब का सूखा जारी है। महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में टीम इंडिया ने 2007 टी-20 वर्ल्ड कप, 2011 वर्ल्ड कप और 2015 चैंपियंस ट्रॉफी जीती है। ऐसी चर्चा हमेशा होती है कि आईसीसी मंच पर टीम इंडिया को धोनी की कमी खल रही है। लेकिन मोहम्मद कैफ ऐसी बातों पर भड़कते हुए नजर आ रहे हैं। कैफ का कहना है कि, धोनी ने अच्छा प्रदर्शन किया, मेरा मानना है कि रोहित शर्मा और ये सभी लोग अच्छे कप्तान है। आपके पास कोच के रूप में राहुल द्रविड़ हैं आप और क्या चाहते हैं?
5. Ashes 2023: इंग्लैंड के फैंस ने हेडिंग्ले टेस्ट में जूतों के साथ किया Alex Carey का स्वागत!! देखिए वायरल वीडियो
इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच एशेज सीरीज का तीसरा टेस्ट मैच 6 जुलाई से हेडिंग्ले में खेला जा रहा है। लेकिन तीसरे टेस्ट मैच में एलेक्स कैरी को फैंस की नाराजगी का सामना करना पड़ा। एलेक्स कैरी जब मैदान में बल्लेबाजी करने उतरे तो फैंस ने नारे लगाने शुरू कर दिए कि, “अगर आप केरी से नफरत करते हैं, तो जूते उतार दो” कुछ फैंस ने जूते उतारकर एलेक्स कैरी की ओर निशाना करते हुए हवा में उड़ा दिया। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। (यहां पढ़िए पूरी खबर)
6. ईडन गार्डन में सौरव गांगुली का Stardom देख पागल हो गए थे सरफराज अहमद
भारतीय क्रिकेट के सबसे सफल कप्तान सौरव गांगुली आज 8 जुलाई को अपना 51वां जन्मदिन मना रहे हैं। सौरव गांगुली की कप्तानी में भारतीय टीम ने नई ऊंचाईयों को हासिल किया हैं। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो जमकर वायरल हो रहा है। जिसमें पाकिस्तान के पूर्व खिलाड़ी सरफराज अहमद कोलकाता में सौरव गांगुली के स्टारडम की खूब चर्चा कर रहे हैं। वीडियो में सरफराज अहमद 2007 में ईडन गार्डन में भारत और पाकिस्तान के बीच हुए मैच के दौरान घटी एक घटना के बारे में बात करते हुए नजर आ रहे हैं। (यहां पढ़िए पूरी खबर)
7. जसप्रीत बुमराह की वापसी पर मोहम्मद कैफ का बड़ा बयान, कहा- वर्ल्ड कप 2023 से पहले ही…..
भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह लंबे समय से क्रिकेट के मैदान से बाहर चल रहे हैं। वनडे वर्ल्ड कप 2023 इस साल 5 अक्टूबर से भारत में खेला जाएगा। लेकिन टीम इंडिया की सबसे बड़ी चिंता जसप्रीत बुमराह की फिटनेस बनी हुई है। इसी बीच मोहम्मद कैफ ने बुमराह की वापसी को लेकर बड़ा बयान दिया है। मोहम्मद कैफ का कहना है कि, भारतीय क्रिकेट टीम में बुमराह की वापसी वर्ल्ड कप के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। साथ ही उनका मानना है कि, एक कप्तान के रूप में रोहित शर्मा ने शायद बुमराह को बहुत मिस किया है। (यहां पढ़िए पूरी खबर)
8. BCCI के ‘Cooling off period’ नियम के चलते अंबाती रायडू को लगा बड़ा झटका, MLC से वापस लेना पड़ा नाम
पूर्व भारतीय खिलाड़ी अंबाती रायडू ने आईपीएल 2023 के बाद संन्यास की घोषणा की थी। आईपीएल से संन्यास लेने के बाद अंबाती रायडू मेजर लीग क्रिकेट (MLC) में टेक्सास सुपर किंग्स का हिस्सा बनने वाले थे। लेकिन अंबाती रायडू ने निजी कारणों के चलते अब अपना नाम वापस ले लिया है। लेकिन उनका यह फैसला बीसीसीआई की नई Cooling off period पॉलिसी से जुड़ा हुआ नजर आ रहा है। (यहां पढ़िए पूरी खबर)
9. विराट और रोहित को टी-20 टीम में न देखकर हैरान हुए सौरव गांगुली, कहा- इस फैसले से हैरान हूं
टीम इंडिया 12 जुलाई से वेस्टइंडीज दौरे के लिए तैयार है। बीसीसीआई ने टेस्ट और वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम की घोषणा पहले ही कर दी थी। लेकिन हाल ही में बीसीसीआई ने पांच मैचों की टी-20 सीरीज के लिए टीम का ऐलान किया। हार्दिक पांड्या टीम की कमान संभालेंगे वहीं कई युवा खिलाड़ियों को जगह मिली है। लेकिन विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे सीनियर खिलाड़ियों को जगह नहीं मिली है। चयनकर्ताओं के इस फैसले से पूर्व बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली नाराज नजर आ रहे हैं। (यहां पढ़िए पूरी खबर)
10. एलेक्स कैरी ने लीड्स में नाई की दुकान पर बाल कटवाए और पैसे भी नहीं दिए, नाई महमूद ने लगाया आरोप
ऑस्ट्रेलियाई विकेटकीपर एलेक्स कैरी लॉर्ड्स टेस्ट में जॉनी बेयरस्टो को विवादित अंदाज में रन आउट करने के बाद खूब सुर्खियों में हैं। इसी बीच अब उन पर एक और आरोप लग गया है। दरअसल लीड्स के एक नाई ने आरोप लगाया है कि ऑस्ट्रेलियाई विकेटकीपर ने उनकी दुकान पर बाल कटवाए, लेकिन पैसे नहीं दिए। रिपोर्ट के मुताबिक, एलेक्स कैरी लीड्स में डॉक बार्नेट की नाई की दुकान पर बाल कटवाने गए थे। साथ में डेविड वॉर्नर और उस्मान ख्वाजा भी दुकान पर गए हुए थे। (यहां पढ़िए पूरी खबर)