जुलाई 21- Morning न्यूज हेडलाइंस: आज सुबह तक की सभी ताजा खबरें क्रिकेट जगत से
क्रिकेट की दुनिया में 21 जुलाई 2023 को घटित इन 10 खबरों के बारे में जानें विस्तार से।
अद्यतन - जुलाई 21, 2023 8:56 पूर्वाह्न

1. पहले दिन के खेल के बाद भारत की स्थिति मजबूत, शतक के करीब पहुंचे विराट कोहली
भारत और वेस्टइंडीज के बीच टेस्ट सीरीज का दूसरा टेस्ट मैच 20 जुलाई से त्रिनिदाद में खेला जा रहा है। वेस्टइंडीज कप्तान क्रैग ब्रैथवेट ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। यशस्वी जायसवाल और रोहित शर्मा ने एक बार फिर टीम इंडिया को शानदार शुरूआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों के बीच पहले विकेट के लिए 139 रनों की साझेदारी हुई। यशस्वी जायसवाल ने (57 रन) और रोहित शर्मा ने (80 रन) की शानदार पारी खेली। पहले दिन के अंत के बाद 500वां अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेल रहे विराट कोहली (87 रन) और रवींद्र जडेजा (36 रन) पर नाबाद है। दूसरे दिन दोनों ही बल्लेबाज शानदार खेल बरकरार रख बड़ी पारी खेलना चाहेंगे। (यहां पढ़िए पूरी खबर)
2. भारत-पाकिस्तान मैच के लिए फैंस ने पार की सारी हदें, Hotel नहीं मिला तो Hospital के कमरे करने लगे बुक
आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2023 के शेड्यूल की घोषणा बहुत पहले हो चुकी है। लेकिन क्रिकेट जगत के फैंस 15 अक्टूबर का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, जब भारत और पाकिस्तान आपस में टकराएंगे। वर्ल्ड कप में भारत और पाकिस्तान का महामुकाबला नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। आगामी मैच के लिए फैंस ने अभी से होटल बुक करना शुरू कर दिया है। लेकिन फैंस को कई तरह की और दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जिसके चलते फैंस अहमदाबाद में रहने के लिए अलग विकल्प ढूंढने लगे हैं। कुछ फैंस ने हॉस्पिटल के कमरे भी बुक करने शुरू कर दिए हैं। (यहां पढ़िए पूरी खबर)
3. 500वां मैच खेलते हुए विराट कोहली ने नाम किए बड़े रिकॉर्ड
पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली वेस्टइंडीज के खिलाफ अपने अंतरराष्ट्रीय करियर का 500वां मैच खेल रहे हैं। विराट कोहली सचिन तेंदुलकर, महेंद्र सिंह धोनी और राहुल द्रविड़ के बाद इस उपलब्धि को हासिल करने वाले मात्र चौथे भारतीय खिलाड़ी है। 500वें मुकाबले को विराट कोहली ने यादगार बना दिया है। कोहली ऐसे पहले बल्लेबाज बन गए हैं जिन्होंने 500वें अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में 50 या उससे ज्यादा रन बनाए। कोहली इस शानदार पारी के दौरान जैक्स कैलिस को पीछे छोड़ते हुए सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय रन बनाने वाले पांचवें बल्लेबाज बन गए हैं। इसी के साथ विराट कोहली ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में 2000 रन भी पूरे कर लिए हैं। और इस साल टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय भी बन गए हैं।
4. ENG vs AUS : मैनचेस्टर टेस्ट का दूसरा दिन इंग्लैंड के नाम रहा, जैक क्रॉली के धमाकेदार शतक से मेजबान टीम मजूबत स्थिति में
एशेज सीरीज का चौथा टेस्ट मैच मैनचेस्टर में खेला जा रहा है। पहली पारी में ऑस्ट्रेलिया क्रिस वोक्स के 5 विकेट हॉल के चलते 317 रनों पर ऑलआउट हो गई थी। पहली पारी में इंग्लैंड ने धमाकेदार शुरूआत कर दी है। जैक क्रॉली ने 182 गेंदों का सामना करते हुए 189 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली। वहीं मोईन अली ने (54 रन) और जो रूट ने (84 रन) की शानदार पारी खेली। दूसरे दिन के खेल के बाद हैरी ब्रूक (14 रन) और बेन स्टोक्स (24 रन) पर नाबाद क्रीज पर मौजूद है। (यहां पढ़िए पूरी खबर)
5. WI vs IND: ‘अहमदाबाद की पिच दे दो इसे तब….’- नंबर-3 पर फिर फ्लॉप हुए शुभमन गिल, फैंस का फूटा गुस्सा
टीम इंडिया दूसरे टेस्ट मैच में भी शानदार खेल दिखाते हुए नजर आ रही है। युवा यशस्वी जायसवाल (57 रन) पर विकेट गंवा बैठे थे। जिसके बाद जिम्मेदारी शुभमन गिल के ऊपर थी। लेकिन शुभमन गिल एक बार फिर निराशाजनक अंदाज में विकेट गंवा बैठे। वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में शुभमन गिल मात्र (6 रन) पर विकेट गंवा बैठे थे। दूसरे टेस्ट मैच में शुभमन गिल (10 रन) पर केमार रोच के हाथों आउट हो गए। सोशल मीडिया पर शुभमन गिल को ट्रोल करते हुए एक फैन ने कहा कि उन्हें हर जगह अहमदाबाद जैसी पिच नहीं मिल पा रही है, जिसके चलते वह फ्लॉप हो रहे हैं। (यहां पढ़िए पूरी खबर)
6. आयरलैंड दौरे में हार्दिक पांड्या नहीं करेंगे कप्तानी
वेस्टइंडीज दौरे के बाद अगस्त में टीम इंडिया तीन मैचों की टी20 सीरीज के लिए आयरलैंड का दौरा करेगी। ऐसी खबरें थी कि हार्दिक पांड्या इस दौरे में एक बार फिर टीम की कमान संभालते नजर आएंगे। लेकिन अब ऐसी खबर आ रही है कि हार्दिक पांड्या को रेस्ट दिया जा सकता है और दौरे के लिए टीम इंडिया को एक नया कप्तान मिल सकता है। वहीं शुभमन गिल को भी इस दौरे में आराम दिया जा सकता है।
7. रोहित शर्मा का बड़ा खुलासा मजबूरी में मुकेश कुमार को देना पड़ा डेब्यू कैप
टीम इंडिया ने दूसरे टेस्ट मैच से पहले मुकेश कुमार को डेब्यू कैप सौंपी। शार्दुल ठाकुर चोटिल है जिसके चलते वह प्लेइंग 11 का हिस्सा नहीं बन पाए। और जिसके चलते ही दूसरे टेस्ट मैच में मुकेश कुमार को डेब्यू का मौका मिला। घरेलू क्रिकेट में मुकेश कुमार लगातार शानदार प्रदर्शन करते हुए नजर आए हैं, 39 फर्स्ट-क्लास मैचों में मुकेश कुमार ने 21.55 के औसत से 149 विकेट लिए हैं।
8. VIDEO: मैनचेस्टर टेस्ट के दूसरे दिन जेम्स एंडरसन ने पहली गेंद पर हासिल किया विकेट, बेन स्टोक्स का रिएक्शन हुआ वायरल
एशेज सीरीज का चौथा टेस्ट मैच इस वक्त रोमांचक अंदाज में खेला जा रहा है। इंग्लैंड के दिग्गज गेंदबाज जेम्स एंडरसन तीसरे टेस्ट मैच में ड्रॉप कर दिए थे, लेकिन उन्हें चौथे टेस्ट मैच के प्लेइंग 11 में वापस से जगह मिली। खेल के पहले दिन जेम्स एंडरसन ने कोई विकेट नहीं लिया था। लेकिन दूसरे दिन एंडरसन ने टीम को सनसनीखेज शुरूआत दी और पैट कमिंस को पहली ही गेंद पर आउट किया। 84वें ओवर की पहली गेंद पर कमिंस ने कवर पॉइंट पर ड्राइव लगाने का प्रयास किया, लेकिन गेंद सीधे स्टोक्स के हाथों में चली गई। (यहां पढ़िए पूरी खबर)
9. एशिया कप को लेकर थम नहीं रहा विवाद, BCB अध्यक्ष ने हाइब्रिड मॉडल का हवाला देते हुए जाहिर की चिंता
एशिया कप 2023 इस साल हाइब्रिड मॉडल के तहत पाकिस्तान और श्रीलंका में संयुक्त रूप से खेला जाएगा। पाकिस्तान में 4 मुकाबले वहीं श्रीलंका में 9 मुकाबले खेले जाएंगे। इसी बीच बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने एशिया कप से पहले अपनी बड़ी चिंता साझा की है। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष जलाल यूनुस का कहना है कि एशिया कप के हाइब्रिड मॉडल में अत्यधिक यात्रा करने से खिलाड़ियों पर इसका असर पड़ सकता है। (यहां पढ़िए पूरी खबर)
10. कोई कुछ कहे मायने नहीं रखता, वकार यूनिस ने सौरव गांगुली पर साधा निशाना
भारत और पाकिस्तान जल्द ही एशिया कप 2023 में एक-दूसरे का सामना करेंगे। दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच जुबानी जंग भी देखने को मिले हैं और कई दफा ये लड़ाई मैदान के बाहर भी गई है। सौरव गांगुली का कहना है कि भारत-पाकिस्तान से ज्यादा भारत-ऑस्ट्रेलिया का मैच ज्यादा रोमांचक होता है। अब पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर वकार यूनिस ने भारत-पाकिस्तान मुकाबलों पर बेबाक टिप्पणी के लिए गांगुली की आलोचना की है। (यहां पढ़िए पूरी खबर)